नेमावर पुलिस का ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ सफल, सीसीटीवी और सोशल मीडिया की मदद से दो शातिर चोर गिरफ्तार
देवास/नेमावर, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले की नेमावर पुलिस ने आधुनिक तकनीक और डिजिटल निगरानी के जरिए चोरी और नकबजनी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया मोबाइल और नकदी समेत शत-प्रतिशत मशरूका भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना नेमावर क्षेत्र में हुई मोबाइल चोरी और एक सूने मकान में नकबजनी की घटनाओं के बाद जांच शुरू की गई। इस दौरान थाना प्रभारी अजय डोड के नेतृत्व में टीम ने पारंपरिक जांच के बजाय डिजिटल तकनीकों का सहारा लेते हुए ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ चलाया।
जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन और एसडीओपी कन्नौद आदित्य तिवारी के मार्गदर्शन में गठित टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान दो संदिग्ध युवक मोबाइल चोरी करते नजर आए। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों की तस्वीरें डिजिटल माध्यमों और सोशल मीडिया ग्रुप्स में साझा कीं। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नेमावर बायपास के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय ललित पारदी और 19 वर्षीय महेंद्र पारदी, निवासी ग्राम झिरी, थाना रहटगांव, जिला हरदा के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने नेमावर हाट बाजार से मोबाइल चोरी और ग्राम दीपगांव में एक मकान का ताला तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 15 हजार रुपये कीमत का ओप्पो मोबाइल और नकबजनी से जुड़ी 3,500 रुपये नकद राशि बरामद की है। पुलिस ने बताया कि बदलते अपराध स्वरूप को देखते हुए अब तकनीक आधारित जांच को प्राथमिकता दी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र राठी

