जबलपुर में आधी रात पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, 224 वारंटियों पर कसा शिकंजा
जबलपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में अपराधियों, गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार देर रात से रविवार तड़के तक बड़े पैमाने पर कांबिंग गश्त चलाकर जिलेभर में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर रात करीब 9 बजे से सुबह 2 बजे तक चले इस विशेष अभियान में पुलिस ने वर्षों से फरार आरोपियों और वारंटियों को दबोचने के साथ अवैध शराब और हथियारों के खिलाफ भी कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 224 वारंट तामील कराए। इनमें 112 गैर-जमानती वारंट, 83 गिरफ्तारी वारंट और 29 जमानती वारंट शामिल हैं। लंबे समय से पुलिस से बच रहे कई आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
अपराधों की रोकथाम, लंबित वारंटों की तामीली, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए शहर से लेकर देहात तक पुलिस की अलग-अलग टीमें मैदान में उतारी गईं। प्रत्येक थाना क्षेत्र में विशेष टीमें गठित की गईं। इन टीमों का नेतृत्व थाना प्रभारियों के साथ-साथ उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों ने किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी सहित नगर पुलिस अधीक्षकों, डीएसपी एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने रातभर दबिश दी।
कांबिंग गश्त के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की। अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 7 बोतल, 96 पाव देशी-अंग्रेजी शराब और 47 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लेकर घूम रहे 4 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 4 चाकू बरामद किए गए। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों की भी सघन जांच की।
कांबिंग गश्त के दौरान सक्रिय गुंडे-बदमाशों को चेक करने के साथ देर रात आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मुसाफिरखानों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों पर दबाव बनाने और जिले में कानून व्यवस्था मजबूत रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

