home page

जबलपुरः कंटेनर से 4.35 करोड़ का गांजा जब्त, पेंट के 412 डिब्बों के बीच छिपाई थीं 28 बोरियां

 | 
जबलपुरः कंटेनर से 4.35 करोड़ का गांजा जब्त, पेंट के 412 डिब्बों के बीच छिपाई थीं 28 बोरियां


जबलपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में गोसलपुर पुलिस ने शुक्रवार शनिवार की दरमियानी रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 871 किलो 95 ग्राम गांजा जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 4 करोड़ 35 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे की 28 बोरियां पेंट के 412 डिब्बों के बीच छिपा रखी थीं। कार्रवाई में जबलपुर पुलिस के साथ झांसी की नारकोटिक्स विंग भी शामिल रही।

जानकारी के अनुसार,

क्राइम ब्रांच और गोसलपुर पुलिस की संयुक्त टीम एनएच-30 पर पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुस्करा मोड़ के पास तेज रफ्तार से जा रहे संदिग्ध कंटेनर को देखकर पुलिस ने उसका पीछा शुरू किया। मोहतरा टोल के पास घेराबंदी कर कंटेनर को रोक लिया गया।

कंटेनर में सवार चालक और उसके साथी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पेंट के डिब्बों के बीच छिपाकर रखी गई 28 बोरियों से 871 किलो 95 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी 45 वर्षीय धर्मवीर सिंह और पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर निवासी 24 वर्षीय विक्रम करमाकर के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में कंटेनर चालक धर्मवीर सिंह ने बताया कि ओडिशा के बलांगीर निवासी प्रभात साहू के कहने पर वह गांजे की खेप मध्य प्रदेश लेकर आया था। इसके बदले उसे एक बार खेप पहुंचाने के लिए एक लाख रुपए मिलने थे।

आरोपी के मुताबिक, 27 अक्टूबर को प्रभात साहू के यहां से गांजे की 28 बोरियां कंटेनर में लोड की गई थीं। इन्हें मैहर पहुंचने से पहले एक जियो पेट्रोल पंप के पास उतारना था।

पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर और पेंट के 412 डिब्बे भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अब गांजे की खेप के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक