home page

जबलपुर : तीन दिन से लापता 10 वर्षीय बालक का सुराग नहीं, लोगों ने किया चक्काजाम

 | 
जबलपुर : तीन दिन से लापता 10 वर्षीय बालक का सुराग नहीं, लोगों ने किया चक्काजाम


जबलपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में खमरिया से लगी उमरिया नहर में डूबे 10 वर्षीय आशीष ठाकुर का तीन दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने से क्षेत्रवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को आक्रोशित लोगों ने खमरिया में चक्काजाम कर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि तीन दिन बीत जाने के बावजूद बालक का पता नहीं चल पाया है। यदि पनडुब्बी टीम की मदद से सर्चिंग कराई जाती तो बालक की तलाश में सफलता मिल सकती थी। चक्काजाम की सूचना मिलते ही सीएसपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाइश देकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

लापता बालक की मां पूजा ठाकुर ने पुलिस की तलाश प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि तीन दिन से उनका बेटा लापता है, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चला। उन्होंने आरोप लगाया कि नाव आती है और घूमकर चली जाती है। मां की गुहार और परिजनों की बेचैनी के बीच क्षेत्रवासियों ने भी तलाशी अभियान में तेजी लाने की मांग उठाई।

क्षेत्रीय निवासी बच्चा यादव ने कहा कि नहर में बालक की तलाश के लिए पनडुब्बी टीम लगाई जानी चाहिए, ताकि गहराई में भी सर्चिंग की जा सके। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तीन दिन से बालक का पता नहीं चल रहा है, तो तलाश के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाने चाहिए। मौके पर पहुंचे सीएसपी ने लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

जानकारी के अनुसार, पिपरिया निवासी बबलू ठाकुर का 10 वर्षीय बेटा आशीष ठाकुर अपने हमउम्र दोस्तों के साथ उमरिया नहर के पास गया था। दोपहर के समय नहाते हुए अचानक पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे आशीष संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह पानी की धार के साथ बह गया।

बालक के घर नहीं लौटने और घटना की जानकारी मिलने पर परिजन घटनास्थल पहुंचे। पुलिस की सूचना पर एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की गई थी, लेकिन तीन दिन बाद भी आशीष का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों और क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ती गई। इसी के विरोध मे लोगों ने चक्काजाम कर तलाश अभियान तेज करने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक