home page

जबलपुर : गोहलपुर पुलिस का बड़ा खुलासा, 5 चोर गिरफ्तार; 25 लाख का माल बरामद

 | 
जबलपुर : गोहलपुर पुलिस का बड़ा खुलासा, 5 चोर गिरफ्तार; 25 लाख का माल बरामद


जबलपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। गोहलपुर थाना पुलिस ने सोमवार को नकबजनी और वाहन चोरी की कई वारदातों का खुलासा करते हुए 2 शातिर नकबजनों समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सोने-चांदी के जेवर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, घरेलू सामग्री, महेन्द्रा पिकअप और टाटा इंट्रा वाहन सहित करीब 25 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार अमन नगर में सूने मकान का ताला तोड़कर जेवर और 2.75 लाख रुपये नकद चोरी करने के मामले में नुरूद्दीन अंसारी उर्फ अज्जु, मोहम्मद इरशाद और भीम उर्फ आदिल खान को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने एक अन्य मकान से फ्रिज, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करना भी स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया।

इसी तरह पुलिस ने टाटा इंट्रा पिकअप चोरी के मामले में राजू उर्फ रामगोपाल साहू और सौरभ दहिया को गिरफ्तार कर चोरी का वाहन रीवा जिले से बरामद किया। एक अन्य चोरी की पिकअप भी खजरी-खिरिया क्षेत्र से बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक नुरूद्दीन के खिलाफ विभिन्न थानों में 11 और मोहम्मद इरशाद के खिलाफ 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर एएसपी शहर डॉ. आयुष जाखड़, सीएसपी गोहलपुर शुभम सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी रितेश पाण्डेय के नेतृत्व में की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक