जबलपुरः कांग्रेस के प्रदर्शन में झड़प मामले में पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
जबलपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के मालवीय चौक पर मंगलवार को कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक के बाद झड़प हुई थी। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लॉर्डगंज थाना पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए आलोक मिश्रा, चिंटू चौकसे समेत अन्य लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी करने और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की और शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया। वहीं, कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे और पुलिस ने अनावश्यक रूप से बल प्रयोग किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

