बक्सर पुलिस के विशेष अभियान में 24 गिरफ्तार, 710.31 लीटर शराब बरामद
बक्सर, 14 सितंबर (हि.स.)।
जिले में अपराध एवं शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने को लेकर बक्सर पुलिस द्वारा 12 सितंबर को चलाए गए विशेष अभियान में विभिन्न मामलों में 24 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी 24 आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अभियान के दौरान गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों में हत्या के प्रयास के दो आरोपित तथा आर्म्स एक्ट के एक आरोपित की गिरफ्तारी हुई। शराब से संबंधित मामलों में सेवन के आरोप में 12 तथा शराब बरामदगी के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 107.31 लीटर विदेशी शराब और 603 लीटर देसी शराब, यानी कुल 710.31 लीटर शराब बरामद की। इसके अलावा एक चारपहिया वाहन, एक देसी कट्टा, तीन कारतूस और एक अपहृता को बरामद किया गया।
विशेष अभियान में पुलिस ने 30 वारंटों का निष्पादन किया, जबकि एक कुर्की की कार्रवाई भी की गई। वारंट के मामलों में छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने 18 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से बताया गया कि जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

