कंट्रोल रूम में बैंक सुरक्षा को लेकर अहम बैठक, पुलिस ने दिए सख्त निर्देश
जबलपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। । मध्य प्रदेश के जबलपुर में बैंक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आयोजित हुई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह, जोन-2 की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला सहित विभिन्न बैंकों के 104 अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रतिनिधियों से सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली और स्पष्ट किया कि बैंक सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल पुलिस की नहीं, बल्कि बैंक प्रबंधन की भी समान रूप से है। अधिकारियों ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की सुरक्षा गाइडलाइन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सभी बैंकों में चैनल गेट, सायरन और पैनिक अलार्म अनिवार्य रूप से लगाए जाएं तथा उनकी नियमित जांच भी की जाए। साथ ही बैंक परिसर के सभी हिस्सों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि कोई भी क्षेत्र निगरानी से बाहर न रहे।
बैंक और संबंधित थाना पुलिस के बीच बेहतर समन्वय के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि अपराधी अक्सर सुरक्षा में कमी का फायदा उठाते हैं, इसलिए बैंकों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित एवं आकस्मिक जांच की जाएगी।
सुरक्षा गार्डों को निर्देश दिए गए कि वे संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखें और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। बैठक में बैंक अधिकारियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग रखी, जिस पर पुलिस ने तय समय पर बैंकों के आसपास नियमित गश्त का आश्वासन दिया।
इसके अलावा मनी लॉन्ड्रिंग, धोखाधड़ी और अवैध लेनदेन में उपयोग होने वाले संदिग्ध खातों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस और साइबर सेल को सूचित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक का उद्देश्य बैंक सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाना तथा संभावित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

