home page

दीवार निर्माण के विवाद में पुलिस पर हमला, पीआरवी के शीशे तोड़े; भारी पुलिस बल तैनात

 | 
दीवार निर्माण के विवाद में पुलिस पर हमला, पीआरवी के शीशे तोड़े; भारी पुलिस बल तैनात


मथुरा, 16 जुलाई(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में सुरीर थाना क्षेत्र के गांव बेरा में गुरुवार सुबह दीवार निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची डायल 112 पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) में तैनात पुलिस कर्मियों ने जब मामला शांत कराने का प्रयास किया, तो एक पक्ष के लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ ही अभद्रता शुरू कर दी। आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहन के आगे खड़े होकर उसे रोकने की कोशिश की और देखते ही देखते उग्र भीड़ ने पुलिस गाड़ी पर हमला कर उसके शीशे तोड़ दिए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों को मौके से पीछे हटना पड़ा।

गौरतलब हो कि सुरीर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव बेरा निवासी संदीप कुमार और दूसरे पक्ष के कुमरपाल, अमर सिंह आदि के बीच काफी समय से दीवार लगाने को लेकर विवाद चल रहा था। संदीप पक्ष के लोग जहां जबरन दीवार खड़ी करने का प्रयास कर रहे थे, वहीं कुमरपाल पक्ष के लोग सड़क किनारे दीवार लगाने का विरोध कर रहे थे। गुरवार की सुबह इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई। इस पर संदीप ने डायल 112 पुलिस को बुला लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, तो ग्रामीण पुलिस पर ही भड़क गए। पुलिस और ग्रामीणों के बीच जमकर हंगामा हुआ और उग्र भीड़ ने पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। हंगामे और तोड़फोड़ की इस पूरी घटना को वहां मौजूद अन्य ग्रामीणों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी मांट भारी पुलिस बल के साथ गांव बेरा पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन का निरीक्षण करने के साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस के साथ अभद्रता व सरकारी वाहन को क्षति पहुंचाने वाले आरोपितों की पहचान की जा रही है। शिनाख्त के बाद सभी दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार