home page

सूरजपुर : डायल 112 टीम पर हमला करने वाले छह आरोपित गिरफ्तार, निकाला गया जुलूस

 | 
सूरजपुर : डायल 112 टीम पर हमला करने वाले छह आरोपित गिरफ्तार, निकाला गया जुलूस


सूरजपुर, 23 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वाले उपद्रवियों पर पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया है। जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में डायल 112 के पुलिसकर्मी और उनके स्टाफ के साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट करने वाले 6 आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पकड़े गए इन आरोपितों को सबक सिखाने और जनता के बीच कानून का खौफ पैदा करने के लिए पुलिस ने प्रतापपुर नगर की सड़कों पर उनका पैदल जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपितों के तेवर पूरी तरह ढीले नजर आए और वे बीच सड़क पर अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है के नारे लगाते हुए अपनी गलती की माफी मांगते दिखे। आज मंगलवार को पुलिस ने इन सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस पूरे विवाद की शुरुआत चार दिन पहले यानी बीते शुक्रवार (19 जून 2026) कि रात को हुई थी, जब प्रतापपुर इलाके में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से मोटरसाइकिल की भीषण भिड़ंत हो गई थी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीण और परिजन बेहद आक्रोशित हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही घायलों की मदद और स्थिति को संभालने के लिए डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। लेकिन वहां मौजूद दर्जनभर से ज्यादा उग्र युवकों ने मौका देखकर सहायता के लिए पहुंचे पुलिसकर्मी और उनके सहयोगी स्टाफ पर ही अपना पूरा गुस्सा निकाल दिया।

उग्र भीड़ में शामिल युवकों ने कानून और वर्दी की मर्यादा को ताक पर रखकर पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। युवकों ने पुलिसकर्मी और स्टाफ को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों और पत्थरों से तब तक बेदम पीटा, जब तक वे अधमरे नहीं हो गए। इस बर्बर पिटाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था, जिसने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमा तुरंत हरकत में आया और हमलावरों की पहचान कर उनकी धरपकड़ शुरू की गई। फिलहाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य 6 आरोपितों को सलाखों के पीछे भेज दिया है, जबकि वारदात में शामिल कुछ अन्य आरोपित अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस की टीमें फरार आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

इस संबंध में प्रतापपुर एसडीओपी अनूप एक्का ने बताया कि, 19 तारीख की रात को ग्राम खजुरी के पास एक ट्रक से टकराकर चार लड़कों की मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर डायल 112 के वाहन चालक और आरक्षक वहां सहयोग के लिए गए हुए थे। उनके साथ ग्रामीणों के द्वारा मारपीट किया गया था। उसपर आरोपितों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था, जिनकी गिरफ्तारी की गई है। आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह