home page

बिहार के सीवान में पुलिस टीम पर हमला व फायरिंग मामले में आरोपी ललन चौबे गिरफ्तार

 | 
बिहार के सीवान में पुलिस टीम पर हमला व फायरिंग मामले में आरोपी ललन चौबे गिरफ्तार


सीवान, 10 जुलाई (हि.स.)। सीवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के मेलहनी घाट पर पुलिस टीम पर हमला और फायरिंग के बहुचर्चित मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले के वांछित अभियुक्त ललन सिंह उर्फ ललन चौबे को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसकी जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि घटना में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

एसपी ने बताया कि 17 फरवरी 2026 को दरौली थाना क्षेत्र के मेलहनी घाट पर दरौली थाना पुलिस एवं मद्यनिषेध एवं स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना की संयुक्त टीम अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान शराब माफियाओं ने पुलिस टीम पर हमला कर फायरिंग की थी। इस संबंध में दरौली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

उन्होंने बताया कि तकनीकी अनुसंधान एवं आसूचना के आधार पर इस मामले में पहले दिलीप बीन और महेत बीन को 18 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बाद विक्रम बीन को 6 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि अनुसंधान के दौरान प्राप्त सूचना के आधार पर घटना में संलिप्त ललन सिंह उर्फ ललन चौबे, पिता योगेन्द्र चौबे, निवासी संठी, थाना रघुनाथपुर, जिला सीवान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि इस कांड के एक अन्य आरोपी प्रकाश उपाध्याय को भी 8 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले में आवश्यक पूछताछ के लिए आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जाएगी।

एसपी ने कहा कि इस कार्रवाई में दरौली थाना के अपर थानाध्यक्ष पु.अ.नि. अभिषेक कुमार एवं थाना के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma