अबैध निर्माण रुकवाने गई पुलिस से मारपीट, महिला सिपाही की वर्दी फाड़ी
फर्रुखाबाद,22 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में कमालगंज थाना क्षेत्र में अबैध निर्माण रुकवाने गई पुलिस पर दबंगो ने हमला कर दिया। दबंगो ने मारपीट व पथराव किया। महिला सिपाही की वर्दी फाड़ दी।
इस मामले में खुदागंज चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने हमलावर ग्रामीणों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। दर्ज कराई रिपोर्ट में चौकी इंचार्ज ने कहा है कि 21 फरवरी को पीआरवी संख्या 7871 द्वारा सूचना दी गयी कि ग्राम नगला जोध में कालर ऋषि प्रताप ने सूचना दी कि मनीष, पंकज मोनू निवासी नगला जोध आदि अवैध मकान का निर्माण कर रहे है। मना करने पर नही मान रहे है।
इस सूचना पर मै चौकी प्रभारी खुदागंज अनिल कुमार हमराह हेड कांस्टेबल कृष्णपाल व कांस्टेबल खेेमचन्द्र के नगला जोध पहुंचा। निर्माण करने को मना किया तो उपरोक्त लोग उत्तेजित होकर गाली गलौज करने लगे।थाना प्रभारी को सूचना देकर अतिरिक्त फोर्स की मांग की।
अतिरिक्त फोर्स आने पर मनीष, पंकज, मोनू एवं 8-10 अज्ञात पुरुष व 15-20 महिलाएं हम पुलिस वालों के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गयी।
महिला कांस्टेबल चंचल के साथ हाथापाई करने लगे जिससे महिला कांस्टेबल की वर्दी अस्त व्यस्त हो गयी और सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने लगे। जब इन्हे ऐसा करने से रोकने का प्रयास किया तो सरकारी जीप के आगे खड़े होकर पत्थर फेंकने लगे। जिससे गांव वालों में भय व आतंक का माहौल उत्पन्न हो गया और भगदड़ मच गयी। इस मुकदमे की जांच इंस्पेक्टर राजीव कुमार को सौंपी गई है। खुदागंज चौकी इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

