home page

बड़पारा शराब भट्ठी के पास लूट में शामिल दो आरोपित गिरफ्तार, लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद

 | 
बड़पारा शराब भट्ठी के पास लूट में शामिल दो आरोपित गिरफ्तार, लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद


रायगढ़, 21 सितंबर (हि.स.)। बड़पारा शराब भट्ठी के पास लूटपाट की घटना में कोतवाली पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूट की गई एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 13 बीएफ 9616, कीमत करीब 60,000 बरामद की है। दोनों आरोपितों को आज सोमवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम गोतमा, थाना पुसौर निवासी गजानन प्रधान (32 वर्ष) ने 19 सितंबर को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सब्जी बिक्री का काम करता है। 15 सितंबर को दोपहर में अपनी मोटरसाइकिल एचएफ डिलक्स क्रमांक सीजी 13 बीएफ 9616 से सब्जी बिक्री की रकम जमा करने हटरी चौक रायगढ़ जा रहा था। इसी दौरान करीब दोपहर 2:30 बजे वह बड़पारा शराब भट्ठी में शराब खरीदने गया। वहां दो व्यक्ति उसके पास आए और शराब पीने के लिए 100 रुपये मांगने लगे। पीड़‍ित ने उन्हें 100 रुपये दे दिए, जिसके बाद आरोपितों ने उससे शराब की मांग की और गाली-गलौच करते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट शुरू कर दी। आरोपितों ने उसकी शर्ट की ऊपर वाली जेब में रखे 5,000 नगद निकाल लिए और मोटरसाइकिल की चाबी भी छीन ली। इसके बाद पुलिस में रिपोर्ट करने पर जान से मारने-पीटने की धमकी देते हुए मोटरसाइकिल लेकर मौके से फरार हो गए।

पीड़‍ित की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अज्ञात दो आरोपितों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की पहचान संजय शर्मा उर्फ सोनू (उम्र 30 वर्ष) एवं गणेश शर्मा (उम्र 25 वर्ष) दोनों निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा रायगढ़ के रूप में की।

कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़‍ित से पहचान कार्रवाई कराई गई। पूछताछ में आरोपितों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपितों ने लूटी गई 5,000 की नगद रकम खाने-पीने में खर्च होना बताया। आरोपि‍त संजय शर्मा उर्फ सोनू द्वारा दिए गए मेमोरण्डम के आधार पर पुलिस ने लूटी गई काले रंग की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल कीमत 60,000 बरामद कर जब्त की।

प्रकरण में पर्याप्त अपराध साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने दोनों आरोपितों संजय शर्मा उर्फ सोनू एवं गणेश शर्मा को आज विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान