home page

निगरानी बदमाश महेश पैंकरा के साथ बाइक-मोबाइल चोरी में शामिल फरार आरोपित यूट्यूबर विकास चौहान गिरफ्तार

 | 
निगरानी बदमाश महेश पैंकरा के साथ बाइक-मोबाइल चोरी में शामिल फरार आरोपित यूट्यूबर विकास चौहान गिरफ्तार


रायगढ़ , 02 सितंबर (हि.स.)। रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस को वाहन चोरी के मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल निगरानी बदमाश महेश पैंकरा के साथी एवं घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी विकास कुमार चौहान (29 वर्ष) निवासी चुहकीमार, थाना घरघोड़ा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, प्रार्थी बसंत राठिया (37 वर्ष), निवासी फुलीकुण्डा, थाना लैलूंगा ने 23 जुलाई 2026 को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि, वह 29 जून 2026 को खाद लेने घरघोड़ा आया था। उसने अपनी मोटरसाइकिल को जैन पंडा के घर के सामने खड़ा किया था। मोटरसाइकिल के हैंडल में टंगे झोले में उसका रेडमी मोबाइल फोन रखा हुआ था। कुछ देर बाद वापस लौटने पर मोटरसाइकिल और मोबाइल दोनों गायब मिले। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 234/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

वाहन चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू द्वारा क्षेत्र में मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र का निगरानी बदमाश महेश पैंकरा चोरी की मोटरसाइकिल लेकर घूम रहा है।

सूचना पर घरघोड़ा पुलिस टीम ने घरघोड़ा-लैलूंगा मुख्य मार्ग स्थित शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर आरोपित महेश पैंकरा (34 वर्ष), निवासी नेगीपारा, घरघोड़ा को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने साथी विकास चौहान निवासी चुहकीमार के साथ मिलकर मोटरसाइकिल एवं मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपित महेश पैंकरा के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल तथा करीब 20,000 कीमत का रेडमी मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया। घटना के बाद से सहआरोपित विकास चौहान फरार था।

यू-ट्यूबर होने के बावजूद पुलिस की नजर से नहीं बच सका आरोपित

फरार आरोपित विकास चौहान के संबंध में पुलिस द्वारा लगातार जानकारी जुटाई जा रही थी। पूछताछ में उसके साथियों से पता चला कि विकास यू-ट्यूब चैनल चलाता है और यू-ट्यूबर है। घरघोड़ा पुलिस द्वारा उसके यू-ट्यूब चैनल पर भी निगाह रखी जा रही थी तथा उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ ही फरार आरोपित की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। इसी दौरान कल 01 सितंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि, विकास चौहान अपने गांव चुहकीमार में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल गांव में दबिश देकर आरोपी विकास कुमार चौहान (29 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपित विकास चौहान ने अपने साथी महेश पैंकरा के साथ मिलकर मोटरसाइकिल एवं मोबाइल चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस द्वारा आरोपित को 01 सितंबर 2026 की दोपहर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान