पटाखा फोड़ने के विवाद पर युवक के घर घुसकर मारपीट, मुख्य आरोपित गिरफ्तार
रायगढ़, 17 नवंबर (हि.स.)। दीपावली की रात पटाखा फोड़ने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद युवक के घर में घुसकर मारपीट करने और उसे जबरन कार में बैठाकर ले जाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपित अरुण शर्मा (20 वर्ष), निवासी गजानंदपुरम कॉलोनी, रायगढ़ को गिरफ्तार कर लिया है।
फरार आरोपित ने पुलिस की लगातार दबिश और बढ़ते दबाव के बीच न्यायालय में आज आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने न्यायालय से एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया। पूछताछ के बाद आरोपित से वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की ऑल्टो कार, मोबाइल, हाथ में पहना जाने वाला स्टील का कड़ा एवं जूता जब्त किया गया है। कार्रवाई के बाद आरोपित को पुनः न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया गया। इस मामले में एक अन्य आरोपित दीप अग्रवाल को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है।
निमिश अग्रवाल निवासी हण्डी चौक ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब 11 बजे वह अपने साथी आकर्ष शर्मा के साथ सिग्नल चौक के पास पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान वहां पटाखे फोड़ रहे हनी अग्रवाल, अरुण शर्मा, लक्ष्य शुक्ला एवं अन्य युवकों ने कमेंट करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हनी अग्रवाल और अरुण शर्मा ने निमिश के साथ हाथ-मुक्के एवं थप्पड़ से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे आकर्ष शर्मा के सिर पर अरुण शर्मा ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से वार कर चोट पहुंचाई। घटना के बाद दोनों युवक अपने-अपने घर चले गए।
अगले दिन सुबह जब निमिश अग्रवाल अपने घर में सो रहा था, तभी अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल, लक्ष्य शुक्ला एवं दीप अग्रवाल सफेद रंग की ऑल्टो कार से उसके घर पहुंचे। आरोपियों ने जबरन घर में घुसकर पटाखे फोड़ने की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान अरुण शर्मा ने अपना जूता निकालकर निमिश के सिर पर मारा और जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपितों ने उसे जबरन कार में बैठाया और बोईरदादर स्टेडियम के आगे एचपी गैस एजेंसी के पास ले जाकर दोबारा मारपीट की। घटना का वीडियो हनी अग्रवाल द्वारा बनाया गया। बाद में आरोपित युवक को हण्डी चौक के पास छोड़कर फरार हो गए।
कोतवाली पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 660/2026, धारा 296, 351(3), 115(2), 333, 140(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पतासाजी शुरू की। विवेचना के दौरान 12 नवंबर को आरोपित दीप अग्रवाल पिता रविन्द्र अग्रवाल (26 वर्ष), निवासी विकास नगर गली नंबर 03, कोतरारोड़, रायगढ़ को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया था। वहीं अन्य फरार आरोपित अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल एवं लक्ष्य शुक्ला की तलाश में कोतवाली पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस की कार्रवाई के दबाव में मुख्य आरोपित अरुण शर्मा ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। कोतवाली पुलिस ने न्यायालय से आरोपित का एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त कर पूछताछ की। पूछताछ एव जब्ती कार्रवाई में घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की ऑल्टो कार, एक मोबाइल, स्टील का कड़ा और जूता जब्त किया गया। इसके बाद आरोपित को पुनः न्यायालय में पेश कर जेल दाखिल कराया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

