चोरी की दो पल्सर माेटरसाइकिल के साथ चोर गिरोह के दो युवक गिरफ्तार
रायगढ़, 11 नवंबर (हि.स.)। घरघोड़ा पुलिस को बाइक चोर गिरोह के विरुद्ध महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की दो पल्सर मोटरसाइकिल बरामद करते हुए गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है, उनका एक साथी फरार है। दाेनाें आराेपिताें काे आज बुधवार काे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार 16 अक्टूूबर को पीड़ित नीलम संजीव बेक (उम्र 37 वर्ष) निवासी मकरीबंधा, थाना तुमला, जिला जशपुर, वर्तमान पदस्थापना सीआईएसएफ इकाई एनटीपीसी तिलाईपाली, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 07 अक्टूबर की सुबह लैलूंगा रोड स्थित घरघोड़ा सीआईएसएफ कार्यालय गेट के सामने खड़ी उसकी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-04-एलएफ-3373 को अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है। रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 312/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू द्वारा आरोपितों एवं चोरी गई मोटरसाइकिल की पतासाजी के लिए पुलिस टीम को सक्रिय मुखबिरों से जानकारी जुटाने और संदिग्धों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में मुखबिर से पुलिस को मिली सूचना पर 10 नवंबर को पुलिस टीम ने लैलूंगा मेन रोड स्थित शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों सुकसागर राठिया निवासी कोनपारा तथा देव पैंकरा निवासी नेगीपारा, घरघोड़ा को हिरासत में लिया। दोनों आरोपित चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए लोगों से बातचीत कर रहे थे। पूछताछ में आरोपितों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर शराब पीने और पार्टी करने के लिए पैसों का इंतजाम करने की नीयत से बाइक चोरी करना स्वीकार किया।
उन्होंने करीब एक माह पहले सीआईएसएफ कार्यालय गेट के सामने से काले रंग की पल्सर तथा ग्राम ओंगना, धरमजयगढ़ से काला-सफेद रंग की एक अन्य पल्सर मोटरसाइकिल चोरी करना बताया। आरोपितों ने पुलिस से बचने के लिए चोरी की मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट तोड़कर फेंक दी थी तथा इंजन नंबर को पत्थर से घिसकर मिटाने का प्रयास किया था। इतना ही नहीं, सफेद रंग की पल्सर के सफेद हिस्सों पर काला रंग पोतकर उसकी पहचान बदल दी थी। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दोनों पल्सर मोटरसाइकिलें, जिनकी कुल कीमत करीब एक लाख 80 हजार रुपये है, बरामद कर जब्त की हैं। मामले में साक्ष्य मिटाने के प्रयास पाए जाने पर धारा 238 एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।
गिरफ्तार आरोपितों में सुकसागर राठिया,(उम्र 20 वर्ष) निवासी कोनपारा, थाना घरघोड़ा एवं देव पैंकरा (उम्र 20 वर्ष) निवासी नेगीपारा, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ शामिल हैं। प्रकरण में शामिल तीसरा आरोपित फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें आज न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

