home page

रॉक गार्डन बोतलदा में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म,24 घण्टे के अंदर दोनों आरोपित गिरफ्तार

 | 
रॉक गार्डन बोतलदा में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म,24 घण्टे के अंदर दोनों आरोपित गिरफ्तार


रायगढ़ , 16 नवंबर (हि.स.)।रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रॉक गार्डन बोतल्दा में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट का गंभीर मामला सामने आया है। युवती की लिखित शिकायत पर खरसिया पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपिताें राहुल पटेल और फनेश्वर प्रसाद पटेल को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपिताें ने युवती के मित्र के साथ डंडे से मारपीट कर उसे बेहोश कर दिया और फिर युवती को डरा-धमकाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। आरोपिताें ने घटना का वीडियो भी बनाया और किसी को जानकारी देने पर धमकी दी थी।

पीड़िता के आवेदन के अनुसार, दिनांक 14 नवंबर 2026 को वह अपने गांव से एक मित्र के साथ मोटरसाइकिल से रेलवे स्टेशन सक्ती जाने के लिए निकली थी। ट्रेन लेट होने के कारण दोनों घूमते हुए दोपहर में खरसिया के रॉक गार्डन बोतल्दा पहुंच गए। इसी दौरान गार्डन में सीढ़ियां चढ़ते समय पीछे से दो युवक आए और उन्हें डरा-धमकाने लगे। आरोपितों ने युवती के मोबाइल में रखे 1,200 रुपये तथा उसके मित्र से 10,000 रुपये लूट लिए। इसके बाद डंडे से युवक के सिर एवं शरीर पर वार कर उसे बेहोश कर दिया। युवक के बेहोश होने पर दोनों आरोपितों ने युवती को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। कुछ समय बाद जब युवक को होश आया तो आरोपितों ने दोनों का वीडियो बनाया और घटना के संबंध में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

पीड़िता द्वारा घटना की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने पर मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आया। एसएसपी ने तत्काल एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव एवं थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक सीताराम ध्रुव को आरोपितों की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देश पर खरसिया पुलिस की टीम ने बोतल्दा में स्थानीय लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की तलाश की, संदेहियों के फोटो युवती को भेज कर आरोपियों की पुष्टि की गई और दोनों युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस द्वारा आरोपितों को घटनास्थल ले जाकर घटना का पुनर्निर्माण भी कराया गया।

पूछताछ एवं आरोपितों के मेमोरेंडम के आधार पर आरोपित फनेश्वर प्रसाद पटेल से घटना का वीडियो बनाने में प्रयुक्त आईफोन मोबाइल तथा लूट की रकम में से 1,500 रुपये बरामद किए गए। वहीं आरोपित राहुल पटेल से 3,000 रुपये एवं वारदात में प्रयुक्त डंडा जब्त किया गया। आरोपितों के मोबाइल की जांच में अन्य युवतियों के फोटो एवं वीडियो भी मिले हैं, जिनके संबंध में पुलिस जांच कर रही है। खरसिया पुलिस द्वारा अपराध क्रमांक 597/2026 में धारा 109, 309(6), 70 बीएनएस के तहत दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी कर रिमांड पर भेजा गया है ।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान