home page

जनरल स्टोर का शटर तोड़कर चोरी करने वाले दाे नाबालिग समेत तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
जनरल स्टोर का शटर तोड़कर चोरी करने वाले दाे नाबालिग समेत तीन आरोपित गिरफ्तार


रायगढ़, 01 अक्टूबर (हि.स.)। थाना कोतवाली क्षेत्र में जनरल स्टोर का शटर तोड़कर नकदी एवं गुटखा चोरी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक युवक एवं दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से चोरी का राजश्री गुटखा एवं 1,700 नगद बरामद किया है। आरोपिताें को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश कर आज गुरुवार काे रिमांड पर भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार दिनांक 27 सितंबर को पीड़ित हरिचंद अम्बुवानी निवासी सिंधी कॉलोनी, कच्ची खोली रायगढ़ ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी कालीबाड़ी, सिविल लाइन रायगढ़ स्थित दीपक जनरल स्टोर में चोरी हुई है। प्रार्थी के अनुसार 26 सितंबर की रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर शटर में ताला लगाकर वह घर चला गया था। अगले दिन सुबह दुकान पहुंचने पर शटर क्षतिग्रस्त मिला। अंदर जाकर देखने पर सामान अस्त-व्यस्त था तथा गल्ले में रखे नगद रकम और राजश्री गुटखा के 200 पैकेट, कीमत करीब 25,000 गायब थे।

रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 544/2026, धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी द्वारा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जेलपारा जूटमिल निवासी विवेकानंद चौहान अपने साथियों के साथ चोरी किए गए राजश्री गुटखा को दुकानदारों को कम कीमत में बेचने की बात कर रहा है।

सूचना पर कोतवाली पुलिस ने संदेही विवेकानंद चौहान उम्र 24 वर्ष एवं एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने बताया कि 26-27 सितंबर की दरम्यानी रात लोहे की रॉड से दुकान के शटर को ऊपर उठाकर अंदर प्रवेश किया तथा सीसीटीवी कैमरे को तोड़ दिया। इसके बाद दुकान से नकदी एवं राजश्री गुटखा चोरी किया। आरोपिताें ने बताया कि चोरी की रकम आपस में बांट ली तथा गुटखा को रेलवे ट्रैक के पास छिपा दिया था। अगले दिन उन्होंने अपने एक अन्य नाबालिग साथी को गुटखा बेचने के लिए एक बोरी दी थी। दाेनाें नाबालिगो को बाल सुधार गृह भेजा गया व आराेपित काे सक्षम न्यायालय में पेशकर जेल भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान