home page

शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण,भूपदेवपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

 | 

रायगढ़, 12 अक्टूबर (हि.स.)।भूपदेवपुर पुलिस ने घर से लापता हुई 18 वर्षीय युवती को हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम झरप से दस्तयाब कर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

स्थानीय महिला ने 30 सितंबर 2026 को थाना भूपदेवपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 18 वर्षीय बेटी 29 सितंबर की रात घर से बिना बताए कहीं चली गई है। महिला ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य रात में खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे। रात करीब 12:30 बजे बेटी अपने बिस्तर पर नहीं मिली। आसपास तलाश करने और सुबह पड़ोसियों व रिश्तेदारों से पूछताछ करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। रिपोर्ट पर थाना भूपदेवपुर में बीएनएस की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान युवती की मां, परिवार के सदस्यों और सहेलियों से पूछताछ की गई। इस दौरान युवती की मित्रता ग्राम नंदेली, थाना कोतरारोड़ निवासी लाल कुमार विश्वकर्मा, पिता रामचरण विश्वकर्मा, उम्र 23 वर्ष से होने की जानकारी मिली। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की और मुखबिर से प्राप्त सूचना पर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम झरप से युवती को दस्तयाब किया।

इसके बाद महिला अधिकारी के माध्यम से युवती का कथन दर्ज किया गया। युवती के कथन के आधार पर आरोपी द्वारा शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किए जाने का आरोप सामने आने पर प्रकरण में बीएनएस की धारा 69 जोड़ी गई। युवती की सहमति से उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। मामले में आरोपित लाल कुमार विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान