home page

कार सवार युवती पर की थी अभद्र टिप्पणी, पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार

 | 
कार सवार युवती पर की थी अभद्र टिप्पणी, पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार


रायगढ़, 01 नवंबर (हि.स.)। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं गरिमा के प्रति रायगढ़ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सार्वजनिक स्थान पर युवती के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले ऑटो चालक को थाना कोतवाली पुलिस ने रव‍िवार को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है।

जानकारी अनुसार 30 अक्टूबर को 22 वर्षीय युवती पूंजीपथरा से अपने पति के साथ कार में परीक्षा दिलाने रायगढ़ आई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद शाम करीब 4:50 बजे दोनों अपनी कार से वापस घर जा रहे थे। होटल ट्रिनिटी के पास मुख्य मार्ग पर जाम होने के कारण उन्होंने अपनी कार रोकी और शीशा नीचे किया। इसी दौरान ऑटो क्रमांक सीजी 13 बीसी 8268 का चालक उनके वाहन के पास पहुंचा और युवती की ओर इशारा करते हुए अशोभनीय टिप्पणी करने लगा। आरोपित के इस कृत्य से युवती के सम्मान को ठेस पहुंची।

युवती ने लिखित आवेदन देकर थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी द्वारा आरोपित के विरुद्ध धारा 79 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान ऑटो के पंजीयन नंबर के आधार पर चालक की पहचान उमाशंकर साहू (उम्र 37 वर्ष) निवासी राजीव नगर कोतरारोड, रायगढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने आज आरोपि‍त को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान