home page

रायगढ़ में राशन दुकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार

 | 
रायगढ़ में राशन दुकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार


रायगढ़, 27 अक्टूबर (हि. स.)। रायगढ़ पुलिस ने पुसौर थाना क्षेत्र की शासकीय उचित मूल्य दुकानों में चावल और शक्कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।आरोपितों के कब्जे से 115 बोरी चावल, 2 बोरी शक्कर और चोरी में प्रयुक्त क्रेटा व इनोवा कार बरामद की गई हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 38.60 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, पुसौर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में इस वर्ष राशन दुकानों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। वारदातों से परेशान दुकान संचालकों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह से कार्रवाई की मांग की थी। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने घटनाओं का विश्लेषण कर जांच शुरू की।आरोपितों तक पहुंचने के लिए एक शक्कर की बोरी में GPS ट्रैकर लगाया गया था।

25 और 26 अक्टूबर की दरमियानी रात ग्राम कोतमरा की राशन दुकान में चोरी के दौरान आरोपितों ट्रैकर लगी बोरी भी ले गए। इसके संकेतों का पीछा करते हुए पुसौर पुलिस की संयुक्त टीम पत्थलगांव पहुंची, जहां सेवाल कुजूर के पास बोरी बरामद हुई। पूछताछ के बाद पुलिस ने सेवाल कुजूर, समीर आलम, मोहम्मद हफीज, संतोष कुमार माहेश्वरी और डमरूधर खूंटे को गिरफ्तार किया।

पुलिस का कहना है कि, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने पुसौर क्षेत्र की तीन चोरी की घटनाओं में संलिप्तता बताई है। मामले में चोरी, नकबजनी, चोरी की संपत्ति खरीदने और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य घटनाओं और संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि, शासकीय राशन दुकानों को निशाना बनाने वाले संगठित गिरोहों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अपराध नियंत्रण में पुलिस-जन सहयोग और आधुनिक तकनीक के उपयोग को महत्वपूर्ण बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान