home page

रायगढ़ के ढिमरापुर चौक में 47 ग्राम अफीम के साथ युवक गिरफ्तार ,ब्रेजा कार भी जब्त

 | 

रायगढ़ , 26 अक्टूबर (हि.स.)। मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने आरोपित अमरजीत सिंह को 47 ग्राम अफीम के साथ रविवार को गिरफ्तार किया है ।

थाना सिटी कोतवाली प्रभारी को 25 अक्टूबर को ही मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी, जिसके तुरंत बाद पुलिस टीम ने ढिमरापुर चौक के पास घेराबंदी कर आरोपित को कार समेत दबोच लिया।। आरोपित के कब्जे से 47 ग्राम अफीम, जिसकी कीमत लगभग ₹10,000 है, तथा एक सिल्वर रंग की ब्रेजा कार, जिसकी कीमत करीब ₹8 लाख है, जब्त की गई है। इस कार्रवाई में कुल ₹8.10 लाख की संपत्ति जब्त की गई है।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 25 अक्टूबर 2026 को थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली कि ढिमरापुर चौक के पास एक युवक सिल्वर रंग की ब्रेजा कार क्रमांक CG 13 AQ 4225 में अवैध रूप से अफीम रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी ने उप निरीक्षक विजय कुमार एक्का के नेतृत्व में पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के लिए रवाना किया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध कार के पास मौजूद युवक अमरजीत सिंह (20 वर्ष), पिता रघुवीर सिंह, निवासी रामभांठा, जगतपुर, सेंट माइकल स्कूल के सामने, रायगढ़ को पकड़ा।

एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई करते हुए तलाशी लेने पर कार की ड्राइवर सीट के नीचे काले रंग की प्लास्टिक पन्नी में रखा 47 ग्राम अफीम बरामद हुआ। मादक पदार्थ रखने के संबंध में आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। पूछताछ में उसने अफीम एक ट्रक चालक से खरीदना बताया। पुलिस ने गवाहों के समक्ष विधिवत जब्ती की कार्रवाई करते हुए 47 ग्राम अफीम, कीमत लगभग ₹10,000, और ब्रेजा कार, कीमत करीब ₹8 लाख, जब्त की। आरोपित के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में धारा 18(ग) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान