ऑपरेशन क्लीन हंट: गांजा तस्करी के फरार आरोपित जफर खान को चक्रधरनगर पुलिस ने किया गिरफ्तार
रायगढ़, 15 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की रायगढ़ पुलिस द्वारा फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “आपरेशन क्लीन हंट” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में फरार आरोपित जफर खान (55 वर्ष), निवासी ग्राम बिजना, थाना तमनार, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
आरोपित पर ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में बिक्री करने तथा पूर्व में गिरफ्तार अपनी बहन रशीदन खान और उसके बेटे शेख नसीब को गांजा उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AT 9329 भी जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर को चक्रधरनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लामीदरहा के सड़कपारा स्थित एक किराना दुकान में रशीदन खान और उसका बेटा शेख नसीब गांजे की पुड़िया बनाकर अवैध रूप से बिक्री कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी, जहां रशीदन खान (57 वर्ष) और शेख नसीब (27 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम लामीदरहा, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़, मिले। विधिवत तलाशी के दौरान रशीदन खान के कब्जे से गांजे से भरी 10 कागज की पुड़िया तथा शेख नसीब के कब्जे से एक प्लास्टिक पन्नी में रखा गांजा बरामद किया गया। कुल बरामदगी लगभग 1 किलो 28 ग्राम गांजा बताई गई है। इस मामले में थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 474/2026, धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने बताया था कि ग्राम बिजना के पठानपारा निवासी जफर खान 15 सितंबर 2026 को मोटरसाइकिल से एक किलो से अधिक गांजा लेकर किराना दुकान पहुंचा था और उसे 10 हजार रुपये में बेचकर गया था। इसके बाद गांजे की पुड़िया बनाकर प्रत्येक पुड़िया 50 रुपये में बेचने की बात सामने आई थी। मामले में जफर खान की संलिप्तता सामने आने के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा ने फरार आरोपित की पतासाजी के लिए मुखबिर सक्रिय किए। इसी दौरान आरोपित के अपने गांव में छिपकर आने की सूचना मिली। सूचना पर उप निरीक्षक गेंदलाल साहू और आरक्षक विक्रम कुजूर को गिरफ्तारी के लिए तमनार रवाना किया गया। तमनार पुलिस के सहयोग से संयुक्त टीम ने ग्राम बिजना में दबिश देकर जफर खान को हिरासत में लिया और थाना चक्रधरनगर लाया।
आरोपित जफर खान ने पूछताछ में स्वीकार किया कि रशीदन खान उसकी बहन है और वह पहले भी उसे गांजा बिक्री के लिए दे चुका है।आरोपित ने 15 सितंबर 2026 को रशीदन खान और उसके बेटे शेख नसीब को 10 हजार रुपये में गांजा बेचने की बात भी स्वीकार की। पुलिस ने प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर गांजा तस्करी में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपित को एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

