home page

खरसिया में चाकूबाजी का फरार आरोपित फहीम अख्तर गिरफ्तार, हत्या के प्रयास के मामले में भेजा गया जेल

 | 
खरसिया में चाकूबाजी का फरार आरोपित फहीम अख्तर गिरफ्तार, हत्या के प्रयास के मामले में भेजा गया जेल


रायगढ़, 10 नवंबर (हि. स.)। खरसिया के नए बस स्टैंड के पास युवक के साथ मारपीट और चाकूबाजी कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में फरार चल रहे आरोपित फहीम अख्तर को खरसिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से आरोपित लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस की गिरफ्तारी से बच रहा था। पुलिस ने उसे हत्या के प्रयास के प्रकरण में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, मामले का दूसरा आरोपित फैज खान अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे नए बस स्टैंड खरसिया के पास ईशान पेशवानी और फैज खान व फहीम अख्तर के बीच गाली-गलौज और विवाद हो रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर ईशान ने अपने परिचित अजय राजपूत (25 वर्ष) को फोन कर मौके पर बुलाया। अजय विवाद शांत कराने का प्रयास कर रहा था, तभी पुरानी रंजिश को लेकर दोनों आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।

अजय जान बचाकर भागने लगा तो दोनों आरोपित ने उसका पीछा किया। इस दौरान फहीम अख्तर ने उसे पकड़ लिया और फैज खान ने धारदार चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल अजय को शासकीय अस्पताल खरसिया ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया।

मामले में ममता ठाकुर की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 569/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 351(3), 109, 118(1) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

घटना के बाद दोनों आरोपित बिलासपुर से नागपुर चले गए थे। रायगढ़ लौटने के बाद फहीम खरसिया स्थित अपने घर जाने की फिराक में था। इसी दौरान पुलिस को उसके खरसिया में होने की सूचना मिली। चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपित फहीम अख्तर (23 वर्ष), पिता शकील अख्तर, निवासी हनुमान चौक खरसिया को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। दूसरे आरोपित फैज खान की तलाश जारी है। गिरफ्तारी की कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक मनोज पटेल, प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी, आरक्षक साविल चंद्रा एवं आरक्षक सिदार सिंह की अहम भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान