home page

ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास अंधे कत्ल का खुलासा, चार नाबालिग सहित पांच पुलिस की अभिरक्षा में

 | 
ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास अंधे कत्ल का खुलासा, चार नाबालिग सहित पांच पुलिस की अभिरक्षा में


रायगढ़, 25 अक्टूबर (हि.स.)। जूटमिल पुलिस ने सारंगढ़ ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास मिले अज्ञात व्यक्ति के शव के हत्या मामले में रविवार काे खुलासा करते हुए एक युवक राजेश्वर सारथी उर्फ समारू (19 साल) और चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपिताें ने लूटपाट की नियत से सड़क पर ट्रक किनारे सो रहे व्यक्ति की जेब से रुपये और मोबाइल निकालने का प्रयास किया। इस दौरान व्यक्ति के जागने और विरोध करने पर आरोपिताें में से एक बालक ने बटन चाकू से उसके शरीर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चाकू जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर की सुबह थाना जूटमिल पुलिस को ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास एक अज्ञात पुरुष का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, जूटमिल थाना पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष है, जिसके सीने और कंधे सहित शरीर पर चोट के निशान पाए गए। मृतक की पहचान नहीं हो पाने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को सुरक्षित रूप से मरच्युरी में रखवाया।

थाना प्रभारी द्वारा डॉक्टरों की टीम ने रविवार काे शव का शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त किया गया, जिसमें मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक बताए जाने पर आज थाना जूटमिल में अज्ञात आरोपित के विरुद्ध अपराध क्रमांक 656/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपिताें की पतासाजी तेज की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर घटना के समय और संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। इसी बीच पुलिस को घटना में करीब 15-16 वर्ष के लड़कों के शामिल होने और घटना दिनांक को देखे जाने की सूचना मिली । तत्काल टीआई अभिनव कांत द्वारा संदिग्ध युवकों के हुलिए के आधार पर मुखबिरों को सक्रिय किया गया। इसके बाद मिट्ठूमुड़ा, बजरंगपारा और सांगीतराई क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस ने एक युवक राजेश्वर सारथी उर्फ समारू तथा चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में उन्होंने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।

आरोपिताें के मेमोरेंडम अनुसार, 23 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे सभी नशे में थे उनमें से कुछ लड़कों ने बिरयानी खाने की मंशा जताए फिर बिरयानी के लिए पैसे जुगाड करने लूटपाट की नीयत से एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल सीजी 04 एम 3674 पर दो लड़के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड पहुंचे, उनके पीछे-पीछे 3 और लड़के भी वहां पहुंचे। वहां फल दुकान के बगल में सड़क किनारे खड़े ट्रक के पास एक व्यक्ति नशे की हालत में सोया हुआ दिखाई दिया। आरोपिताें ने उसके जेब से रुपये और मोबाइल निकालने के लिए तलाशी शुरू की, तभी वह जाग गया और विरोध करने लगा। इसी दौरान एक आरोपित विधि के साथ संघर्षरत बालक ने अपने पास रखे बटन चाकू से मृतक की भुजा, सीने, जांघ और पीठ पर लगातार वार कर दिए। इसके बाद आरोपिताें ने मृतक की जेब से 700 रुपये निकाले, जिन्हें उन्होंने आपस में बांट लिया। आरोपिताें के मेमोरेंडम पर आरोपिताें द्वारा संगठित होकर पूर्व में तथा इस जघन्य हत्या कारित करने पर प्रकरण में संगठित अपराध की धारा 111 बीएनएस जोड़ा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान