home page

लूट-मारपीट का खुलासा,1 युवक और 2 नाबालिग हिरासत में,फरार आरोपितों की तलाश जारी

 | 
लूट-मारपीट का खुलासा,1 युवक और 2 नाबालिग हिरासत में,फरार आरोपितों की तलाश जारी


रायगढ़ , 06 अक्टूबर (हि.स.)।थाना जूटमिल क्षेत्र अंतर्गत ओवरब्रिज के सामने मिनीमाता चौक के पास हुई लूटकांड और मारपीट की घटना का जूटमिल पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए घटना में शामिल दो नाबालिगों को आज हिरासत में लिया है।

पुलिस ने इनके साथ वारदात में शामिल बालिग आरोपित गणेश सारथी, निवासी बजरंगपारा जूटमिल को भी पकड़ा है। आरोपितों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन एवं वारदात में प्रयुक्त बटन चाकू बरामद किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि इन्हीं दोनों नाबालिगों ने उसी रात गणेश सारथी और एक अन्य युवक के साथ मिलकर बजरंगपारा निवासी 17 वर्षीय विनय जायसवाल पर भी चाकू से हमला किया था।

4 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग, मिनीमाता चौक के पहले रेलवे पटरी के पास आरोपितों ने प्रार्थी रितेश कुमार जैन निवासी महरापारा का रास्ता रोक लिया। दोनों नाबालिगों ने 3 अन्य साथियों के मिलकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा हाथ-मुक्के से मारपीट की। इसी दौरान आरोपितों ने अपने पास रखे नुकीले चाकू से प्रार्थी के दाहिने सीने पर वार कर दिया और उसके पास रखे 300 रुपये नगद और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

उसी रात करीब 8 बजे दोनों नाबालिगों ने आरोपित गणेश सारथी और एक अन्य आरोपित के साथ मिलकर बजरंगपारा के 17 वर्षीय किशोर से शराब के लिए पैसे मांगकर उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से उसके पेट में चाकू से वार कर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस ने 4 आरोपितों के विरुद्ध नामजद अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के बाद तीन संदेहियों को पकड़ा। पूछताछ और जांच में तीनों की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई, जिनमें गणेश सारथी बालिग और दो नाबालिग पाए गए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों किशोरों और गणेश का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। ये हत्या, हत्या का प्रयास, लूट औरपीट के अपराधों में लगातार संलिप्त रहे हैं ।

दोनों घटना पर जूटमिल पुलिस द्वारा दोनों नाबालिगों के विरुद्ध लूट एवं हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि बालिग आरोपित गणेश सारथी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में शामिल 4 फरार आरोपितों की सरगर्मी से पतासाजी की जा रही है ।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान