home page

घरघोड़ा में झपटमारी और लूटपाट का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार; एक फरार

 | 
घरघोड़ा में झपटमारी और लूटपाट का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार; एक फरार


रायगढ़, 20 अक्टूबर (हि. स.)। घरघोड़ा थाना क्षेत्र में झपटमारी और लूटपाट की दो घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों सुरेन्द्र चौहान और सुमेष प्रधान को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरा आरोपित समीर महंत उर्फ पप्पू फरार है। पुलिस ने आरोपितों से लूटा गया आईफोन और वारदात में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुमार गौरव तथा पुलिस उपनिरीक्षक सिद्धांत एरेवार की टीम ने कार्रवाई की।

रास्ता रोककर छीना था आईफोन

पुलिस के अनुसार, ग्राम टेरम निवासी सूरज राठिया (24) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग पर बंगाली ढाबा के सामने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उसका रास्ता रोककर जेब से आईफोन छीन लिया और फरार हो गए। इस मामले में अपराध क्रमांक 314/2026 दर्ज किया गया था।

दूसरी घटना 16 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे घरघोड़ा बाईपास स्थित हनुमान ईंट भट्ठे के सामने हुई। बिहार निवासी ट्रेलर चालक रंजीत कुमार सिंह (33) को तीन युवकों ने रास्ता रोककर चाकू दिखाया और हाथ-मुक्कों व बेल्ट से मारपीट की। आरोपितों ने उसका रेडमी मोबाइल, कवर में रखे तीन हजार रुपये और ड्राइविंग लाइसेंस लूट लिया। इस मामले में अपराध क्रमांक 315/2026 दर्ज किया गया।

मोबाइल बेचने की फिराक में थे आरोपित

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपितों ने अपने साथी समीर महंत के साथ वारदात करना स्वीकार किया। पहचान परेड में पीड़ितों ने आरोपितों की पहचान की। पुलिस ने मोटरसाइकिल और आईफोन जब्त कर लिया है। फरार आरोपित की तलाश तथा अन्य लूटे गए सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान