home page

त्रिकोणी प्रेम में 16 वर्षीय किशोर की हत्या, रायगढ़ पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा

 | 
त्रिकोणी प्रेम में 16 वर्षीय किशोर की हत्या, रायगढ़ पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा


रायगढ़, 16 सितंबर (हि.स.)। रामभांठा क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले का कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपिताें को आज बुधवार काे गिरफ्तार किया है।

आरोपिताें से मिली जानकारी के अनुसार, मामला त्रिकाेणीय प्रेम का है। आरोपित शिवम बानी का स्थानीय लड़की से एक तरफा प्यार करता था, जबकि लकड़ी का मृतक के साथ कथित रूप से मिलना जुलना था । इस त्रिकोणी प्रेम से उपजे विवाद के बाद आरोपिताें ने पहले किशोर बालक से विवाद किया और पुराना बस डिपो के पास ले जाकर पत्थर से सिर पर कई वार कर किशोर की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपिताें ने मौके से फरार होने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ और वैज्ञानिक पद्धति से विवेचना करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 सितंबर की सुबह कोतवाली पुलिस को कोसाबाड़ी के सामने पुराने बस डिपो, रामभांठा स्थित संजय बेरीवाल के खाली प्लॉट में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस अधिकारी, कोतवाली पुलिस टीम एवं फोरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। मौके पर पहुंचे मृतक के पिता जो मूलत: लैलूंगा के ग्राम घटगांव के निवासी है पिछले 4 साल से रामभांठा में रहते हैं ने शव की पहचान अपने पुत्र (16 वर्षीय किशोर बालक) के रूप में की। परिजनों ने बताया कि 14 सितंबर की रात करीब 9 बजे उनका लड़का चक्रधर समारोह देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सुबह पुराने बस डिपो के पास शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। शव के सिर पर चोट के निशान पाए गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा तथा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपित के विरुद्ध अपराध क्रमांक 541/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में संदिग्धों की पतासाजी शुरू की गई। मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मृतक के साथ अंतिम बार देखे गए युवकों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की। पूछताछ में मृतक का बैकुंठपुर निवासी 20 वर्षीय शिवम बरेठ एवं 23 वर्षीय शिवम बानी के साथ बीती रात को विवाद की जानकारी सामने आई। दोनों को वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ किए जाने पर दोनों आरोपिताें ने हत्या करना स्वीकार किया और घटना का पूरा विवरण बताया।

आरोपिताें के अनुसार, 14 सितंबर को वे रामलीला मैदान में चक्रधर समारोह देखने गए थे। वहां किशोर बालक उनके परिचित लड़की के साथ था। वही लड़की जिससे आरोपी शिवम बानी का एक तरफा लगाव था, उसी लड़की के साथ जब उसने किशोर बालक को देखा तो उसे रामलीला मैदान के पास बुलाया। इसके बाद दोनों किशोर बालक को उसके मोबाइल के साथ लेकर पुराने बस डिपो की ओर चले गए। पुराने बस डिपो के पास दोनों आरोपिताें ने किशोर बालक को लड़की से नहीं मिलने-जुलने की बात कहकर डराया धमकाया और फिर उसके साथ विवाद कर दोनों ने पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी तथा मौके से फरार हो गए। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आरोपित शिवम बरेठ से मृतक का मोबाइल और आरोपिताें के मेमोरेडम के आधार पर घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े जब्त किए हैं। दोनों आरोपिताें को घटनास्थल पर ले जाकर घटनाक्रम का रिकंस्ट्रक्शन कराया गया तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जप्त किए गए। दोनों आरोपिताें को हत्या के अपराध में गिरफ्तार कर आज बुधवार काे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान