दो बाइक चोर गिरोह का रायगढ़ पुलिस द्वारा पर्दाफाश ,10 दुपहिया वाहन बरामद
रायगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। थाना पूंजीपथरा और थाना लैलूंगा की पुलिस टीमों ने अलग-अलग कार्रवाई में एक अपचारी बालक सहित कुल आठ आरोपिताें को आज बुधवार काे गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल बरामद किए गए हैं। बरामद मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये है।
पूंजीपथरा पुलिस ने 9 मोटरसाइकिलें बरामद कर 6 आरोपिताें को पकड़ा, वहीं लैलूंगा पुलिस ने चोरी की एक पल्सर मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में आरोपिताें के विरुद्ध चोरी के साथ संगठित अपराध की धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
थाना पूंजीपथरा में 02 नवंबर को बीएस कंपनी कॉलोनी तराईमाल निवासी मुकेश कुमार बघेल ने अपनी बजाज पल्सर 125 मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 13 बीएम 6316, कीमत करीब एक लाख 75 हजार रुपये, चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार उसने 30 अक्टूबर की शाम मोटरसाइकिल अपने कमरे के सामने खड़ी की थी, जिसे अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया था। रिपोर्ट पर थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 286/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
इसी दौरान एक गुम मोबाइल की लोकेशन बंजारी मंदिर जंगल में मिलने पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की सूचना के आधार पर संदिग्धों की पतासाजी शुरू की। पुलिस को जानकारी मिली कि तांबा चोरी के मामले में जेल से रिहा हुआ राजू चौहान अपने साथियों के साथ फिर से सक्रिय है। संदेह के आधार पर पुलिस ने राजू चौहान, लक्की सिदार, राजेश श्रीवास, बीर सिंह उर्फ लाल सिंह, सूर्यदेव राम और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपिताें ने क्षेत्र में मोटरसाइकिल और मोबाइल चोरी करने के लिए एक राय होकर योजना बनाना स्वीकार किया। आरोपित रात के समय क्षेत्र में घूमकर माेटरसाइकिल चोरी करते और उन्हें जंगल में ले जाकर पेड़ों की पत्तियों से ढककर छिपा देते थे। आरोपिताें ने तराईमाल स्थित बीएस कंपनी कॉलोनी तथा उर्दना क्षेत्र से कुल 9 मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से 9 मोटरसाइकिलें, जिनकी कुल कीमत करीब 6 लाख 12 हजार रुपये है, तथा 2 मोबाइल बरामद किए हैं। प्रारंभिक जानकारी अनुसार बरामद बाइक पर थाना पूंजीपथरा और कोतवाली रायगढ़ में चोरी का अपराध दर्ज है ।
बरामद मोटरसाइकिलों में बजाज पल्सर, हीरो फैशन प्रो, स्कूटी, प्लेटिना, यामाहा आर 15, सुपर स्प्लेंडर, होंडा साइन, हीरो होंडा स्प्लेंडर एनएक्सजी और टीवीएस विक्टर शामिल हैं। आरोपिताें द्वारा सुनियोजित तरीके से एक साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने पर प्रकरण में धारा 112(2) बीएनएस भी विस्तारित की गई है। गिरफ्तार आरोपिताें में राजू चौहान और राजेश श्रीवास का पूर्व में भी माेटरसाइकिल चोरी एवं तांबा चोरी के मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।
इसी प्रकार थाना लैलूंगा में 29 अक्टूबर को पुरुषोत्तम पैकरा निवासी ग्राम सराईटोला, जिला जशपुर ने अपनी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 14 एमवी 9707 चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम राजपुर निवासी अनिश यादव और निलेश यादव चोरी की मोटरसाइकिल अपने पास रखकर उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपिताें ने चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की नियत से उसके कुछ पार्ट्स में बदलाव कर मॉडिफाई करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 80 हजार रुपये कीमत की चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की। दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

