home page

ओडिशा से बरामद हुई लापता नाबालिग,आरोपित युवक दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार

 | 
ओडिशा से बरामद हुई लापता नाबालिग,आरोपित युवक दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार


रायगढ़, 30 सितंबर (हि.स.)।अभियान संवेदना के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने लापता 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को ओडिशा के हिमगीर से दस्तयाब कर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोपित युवक मनीष सिदार उर्फ साहिल को गिरफ्तार कर लिया है । दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई कर उसे आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

31 अगस्त2026 को थाना चक्रधरनगर में महिला ने अपनी 17 वर्षीय पुत्री के 13 अगस्त की शाम बिना बताए घर से चले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। विवेचना के दौरान संदेही मनीष सिदार उर्फ साहिल के साथ बालिका के हिमगीर, ओडिशा में होने की जानकारी प्राप्त हुई। पुलिस टीम द्वारा हिमगीर में दबिश दी गई, लेकिन आरोपित और बालिका मोबाइल बंद कर मकान बदलकर फरार हो गए थे। पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी करते हुए हिमगीर, जिला सुंदरगढ़, ओडिशा स्थित एक किराये के मकान से बालिका को दस्तयाब कर रायगढ़ लाया गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया था।

फरार आरोपित साहिल सिदार उर्फ मनीष से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह बालिका को विगत चार वर्षों से जानता था तथा दोनों के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से सामान्य बातचीत होती थी। आरोपित के अनुसार, दिनांक 14 अगस्त को उसने अपना मोबाइल फोन दोस्त के पास गिरवी रखकर 6,000 रुपये लिए और अपनी एक्टिवा स्कूटी से बालिका को अपने परिचित के घर हिमगीर लेकर गया, जहां वह उसके साथ रहने लगा। पुलिस की दबिश के बाद आरोपित ने दूसरे स्थान पर किराये का मकान लेकर रहना शुरू कर दिया था।

चक्रधरनगर पुलिस एवं ओडिशा पुलिस की टीम द्वारा तलाश किए जाने पर आरोपित अपनी स्कूटी छोड़कर मौके से फरार हो गया था। आरोपित साहिल सिदार उर्फ मनीष पिता उदल सिदार, उम्र 19 वर्ष, निवासी चक्रधरनगर, के विरुद्ध अपराध में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान