home page

शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण, आरोपित  गिरफ्तार

 | 
शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण, आरोपित  गिरफ्तार


रायगढ़, 18 नवंबर (हि.स.)।शादी का प्रलोभन देकर युवती का शारीरिक शोषण करने और विश्वास में लेकर उससे करीब 93 हजार रुपये लेने के मामले में महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपित ने युवती को शादी का भरोसा दिलाकर लगातार उसका शारीरिक शोषण किया और रुपये वापस मांगने पर शादी से इनकार करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी।

22 वर्षीय पीड़िता मूलतः तमनार थाना क्षेत्र की रहने वाली है और रायगढ़ में किराये के मकान में रहकर काम करती है। युवती ने 16 नवंबर को महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि अक्टूबर माह में पेट्रोल पंप पर उसकी मुलाकात मेहराब खान से हुई थी। मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान होने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। कुछ दिनों बाद आरोपित ने युवती को पसंद करने और उससे शादी करने की बात कहकर अपने प्रेम जाल में फंसा लिया

आरोप है कि 8 अक्टूबर की रात आरोपित उसके किराये के मकान में पहुंचा और शादी करने का भरोसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद भी वह लगातार शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करता रहा। इसी दौरान अपनी आर्थिक जरूरत बताकर आरोपित ने युवती से करीब 93 हजार रुपये भी ले लिए। 28 अक्टूबर को जब युवती ने आवश्यकता पड़ने पर अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपित ने रुपये लौटाने से इनकार करते हुए शादी नहीं करने और जो करना है कर लेने की बात कही। इतना ही नहीं, उसने युवती को जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में आरोपित के विरुद्ध अपराध क्रमांक 99/2026, धारा 69 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने आरोपित की पतासाजी शुरू की तो जानकारी मिली कि वह थाना जूटमिल के एक मारपीट के मामले में जेल में बंद है। 17 नवंबर की शाम मारपीट के प्रकरण में जमानत पर जेल से रिहा होते ही महिला थाना एवं जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने जेलपारा में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ एवं कार्रवाई के बाद आरोपित मेहराब खान उर्फ मेहराब हसन उर्फ मेहराब अंसारी, पिता मो. सफिउद्दीन अंसारी, उम्र 22 वर्ष, निवासी जूटमिल के सामने गली को महिला थाना के प्रकरण में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान