home page

राहगीरों से लूटपाट करने वाले एक विधि से संघर्षरत बालक समेत सात आरोपित गिरफ्तार

 | 
राहगीरों से लूटपाट करने वाले एक विधि से संघर्षरत बालक समेत सात आरोपित गिरफ्तार


रायगढ़, 11 सितंबर (हि.स.)। जिले की पुलिस ने दो अलग-अलग लूट की वारदातों का खुलासा करते हुए 6 आरोपिताें को गिरफ्तार किया है, साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपिताें के कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन, 1000 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त जावा और पल्सर माेटरसाइकिल बरामद की गई है। सभी आरोप‍ितों को कार्रवाई उपरांत आज शुक्रवार को न्‍याय‍िक र‍िमांड पर जेल भेज द‍िया गया है।

पहली वारदात में 09 सितंबर को गेल्वे कंपनी के सेल्समैन गोविंद सिंह धुर्वे, उम्र 18 वर्ष, निवासी मजगांवा, थाना राजेंद्रग्राम, जिला अनूपपुर (म.प्र.) ने थाना कोतरारोड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 08 सितंबर को किरोड़ीमलनगर रेलवे लाइन किनारे विमल उरांव अपने 6-7 साथियों के साथ तीन मोटरसाइकिलों में पहुंचा और पैसे की मांग की। आरोपिताें ने उसका पोको सी-50 मोबाइल तथा उसके साथी नरेश सिंह का रियलमी मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर आरोपिताें ने दोनों के साथ मारपीट की। इसके बाद नरेश के मोबाइल से एक दुकान पर 4000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए और मोबाइल वापस कर दिया। मारपीट में गोविंद के होंठ और गाल में चोट आई। इस मामले में थाना कोतरारोड़ में अपराध दर्ज किया गया।

गेल्वे के ही एक और सेल्समैन का काम करने वाले आर्यन बंजारे, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम बोहारडीह, थाना पचपेड़ी, जिला बिलासपुर, वर्तमान निवास अटल चौक के पास किरोड़ीमलनगर ने थाना कोतरारोड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 08 सितंबर की शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच वह रेलवे स्टेशन की ओर घूमने जा रहा था। रेलवे स्टेशन चौक के पास लाल रंग की पल्सर और एक अन्य मोटरसाइक‍िल में सवार 6-7 युवक पहुंचे और उसके साथ मारपीट कर रेडमी 9 प्रो मोबाइल तथा पर्स लूटकर फरार हो गए। पर्स में पैन कार्ड और आधार कार्ड भी रखे थे। पीड़ित की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्धों विमल उरांव (उम्र 22 वर्ष), रितेश कुमार महंत उर्फ गोल्डी (उम्र 21 वर्ष), दुर्गेश चौहान (उम्र 19 वर्ष), बिट्टू उर्फ विवेक पटैल (उम्र 22 वर्ष), महावीर पटेल (उम्र 19 वर्ष), ऋषि चौहान (उम्र 19 वर्ष) व एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपिताें ने दोनों घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपिताें ने बताया कि पीड़ित के साथी नरेश सिंह से ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए 4000 रुपये में से 1000 रुपये बची रकम का आपस में बंटवारा किया गया था।

आरोपिताें के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर लूट में शामिल अन्य आरोपिताें की पतासाजी कर उन्हें भी अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में आरोपिताें ने रेलवे लाइन किनारे चिराईपानी तथा रेलवे स्टेशन के सामने लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।

कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 1000 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त एक जावा मोटरसाइकिल और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। लूट का पोको मोबाइल आरोपित विमल उरांव से तथा ऑनलाइन ट्रांसफर कराई गई रकम में से बची 1000 रुपये की राशि विधि से संघर्षरत बालक से बरामद की गई। प्रकरण में आरोपिताें की संख्या पांच से अधिक पाए जाने पर धारा 309(6), 3(5) बीएनएस को विलोपित कर धारा 310(2) बीएनएस के तहत डकैती का अपराध जोड़ा गया। सभी आरोप‍ितों को आज न्‍यायालय में पेशकर न्‍याय‍िक र‍िमांड पर जेल भेज द‍िया गया। वहीं व‍िध‍ि से संघर्ष बालक को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान