home page

ट्रेलर चालक से मोबाइल लूटपाट और लूट की मोबाइल खरीद-बिक्री के आरोप में छह गिरफ्तार

 | 
ट्रेलर चालक से मोबाइल लूटपाट और लूट की मोबाइल खरीद-बिक्री के आरोप में छह गिरफ्तार


रायगढ़, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जूटमिल पुलिस ने ट्रेलर चालक से चाकू की नोक पर मोबाइल और नकदी लूटने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपित शनि केंवट सहित लूटे गए मोबाइल की खरीद-बिक्री में शामिल पांच अन्य आरोपिताें को आज बुधवार काे गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने लूटे गए मोबाइल की जांच के दौरान उसमें इस्तेमाल हो रहे दूसरे सिम कार्ड के जरिए आरोपिताें तक पहुंच बनाई। इसके बाद एक-एक कड़ी जोड़ते हुए पुलिस लूट की वारदात के मुख्य आरोपित तक पहुंच गई। मामले में गिरफ्तार सभी छह आरोपिताें को आज रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित दीपक कुमार (उम्र 29 वर्ष) निवासी कृष्णवाटिका बोईरदादर, थाना चक्रधर नगर, जिला रायगढ़ ने 14 अक्टूबर को थाना जूटमिल में लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़‍ित ने बताया कि 10 अक्टूबर को वह ट्रेलर क्रमांक सीजी 13 एएस 9699 में झारसुगुड़ा से कोयला लोड कर तमनार जा रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 5 बजे अमलीभौना स्थित शीला पेट्रोल पंप के पास तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोक लिया। आरोपितों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसका मोबाइल फोन तथा 200 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। पीड़‍ित की रिपोर्ट पर थाना जूटमिल में अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने लूटे गए पोको एम7 मोबाइल की जांच की। मोबाइल में दूसरा सिम कार्ड चालू पाया गया। सिम नंबर की पड़ताल करने पर वह मोबाइल दुकान संचालक नीरज परियानी के नाम पर पंजीकृत मिला।

पुलिस ने नीरज परियानी से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसकी दुकान में काम करने वाले भुवन निषाद ने उक्त मोबाइल लाकर बेचा था, जिसे उसने खरीद लिया था। इसके बाद जूटमिल पुलिस ने भुवन निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। भुवन ने मोबाइल रोहित दुलेवाले से खरीदना बताया।

पुलिस ने रोहित दुलेवाले को पकड़कर पूछताछ की तो उसने मोबाइल संजय कुमार सिंह से खरीदने की बात कही। संजय कुमार सिंह ने मोबाइल आकाश डेविड से खरीदना बताया, जबकि आकाश डेविड ने मोबाइल शनि केंवट से खरीदने की जानकारी दी। इस तरह मोबाइल की खरीद-बिक्री की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस मुख्य आरोपि‍त शनि केंवट तक पहुंची।

आरोपि‍त शनि केंवट, निवासी नाकाडेरा एफसीआई गोदाम के पास, थाना जूटमिल, ने पूछताछ में अपने दो साथियों के साथ मिलकर घटना के दिन ट्रेलर चालक से पोको एम7 मोबाइल लूटना स्वीकार किया। उसने लूटे गए मोबाइल को आकाश डेविड के पास 3,000 रुपये में बेचने की बात भी बताई।

विवेचना के दौरान प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या बंजारे प्रभारी थाना जूटमिल द्वारा पीड़‍ित दीपक कुमार से कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष आरोपि‍त शनि केंवट की शिनाख्तगी कराई गई। पुलिस ने लूटे गए पोको कंपनी के एम7 मॉडल मोबाइल को भी जब्त कर लिया।

आरोपि‍त भुवन निषाद ने लूटे गए मोबाइल को बेचने और बिक्री से प्राप्त रकम से सैमसंग ए36 मोबाइल खरीदने की जानकारी दी। पुलिस ने इस मोबाइल को भी गवाहों के समक्ष जब्त किया है।

विवेचना में नीरज परियानी, भुवन निषाद, रोहित दुलेवाले, संजय कुमार सिंह और आकाश डेविड के चोरी अथवा लूट की संपत्ति होने की जानकारी के बावजूद मोबाइल खरीदने की बात सामने आने पर प्रकरण में धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) विस्तारित की गई। जूटमिल पुलिस ने लूट के मुख्य आरोपि‍त शनि केंवट और लूट की संपत्ति खरीदने के आरोप में पांच अन्य आरोपितों सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान