सागर: विश्वास का फायदा उठाकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मोतीनगर पुलिस ने भेजा जेल
सागर, 15 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में थाना मोतीनगर पुलिस ने दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने पीड़िता के विश्वास का फायदा उठाकर घृणित कार्य करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।
मोतीनगर थाना थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत राजपूत ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि मामला सितंबर 2025 का है, जब 25 वर्षीय पीड़िता ने थाना मोतीनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता के अनुसार, आरोपी महेन्द्र वंशवर्ती पुत्र गोत्री वंशवर्ती, जो कि जिला दमोह का निवासी है, उसका पीड़िता के घर आना-जाना था। इसी जान-पहचान का लाभ उठाकर आरोपी एक दिन पीड़िता के घर में जबरन घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी, जिसके कारण वह लंबे समय तक डरी-सहमी रही। अंततः साहस जुटाकर पीड़िता ने कानून की शरण ली।
पीड़िता की शिकायत पर मोतीनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(एम), 331(4), और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया था। आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। शनिवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर 33 वर्षीय आरोपी महेन्द्र वंशवर्ती को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

