वेयरहाउस विवाद में पत्रकार भूपेंद्र शर्मा हत्याकांड का आरोपित 48 घंटे में गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त पाइप बरामद
सागर, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले की सुरखी थाना पुलिस ने वेयरहाउस में हुए विवाद के बाद पत्रकार भूपेंद्र शर्मा की हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित को घटना के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद कर जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, राजा बिलहरा निवासी पप्पू उर्फ पवन अहिरवार ने थाना सुरखी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 जुलाई की रात वह अपने साथियों के साथ शासकीय वेयरहाउस बम्होरी के कार्यालय में मौजूद था। इसी दौरान दूसरे कमरे में मौजूद भूरे उर्फ कृष्णकुमार शर्मा और भूपेंद्र शर्मा के बीच किसी बात को लेकर विवाद और कहासुनी हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को अलग कर दिया, लेकिन कुछ देर बाद आरोपित लोहे का पाइप लेकर आया और पीछे से भूपेंद्र शर्मा के सिर पर हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र शर्मा को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया। उपचार के दौरान 23 जुलाई को उनकी मृत्यु हो गई।
प्रकरण में सुरखी थाना पुलिस ने प्रारंभ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। घायल की मृत्यु के बाद प्रकरण में हत्या की धाराएं जोड़कर विवेचना आगे बढ़ाई गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित भूरे उर्फ कृष्णकुमार उर्फ कृष्ण स्वरूप शर्मा (32), निवासी ग्राम खुरई थांवरी, थाना सुरखी को 24 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद कर जब्त किया गया। इसके बाद आरोपित को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपित के विरुद्ध पूर्व से भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2022 में भी उसके खिलाफ सुरखी थाने में मारपीट सहित अन्य मामलों में प्रकरण दर्ज किया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

