पुलिस ने 6.06 किलो गांजे के साथ अंतरराज्यीय तस्कर को दबोचा
कानपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। कैंट थाना पुलिस ने शनिवार को बिहार से गांजे की खेप लेकर कानपुर पहुंचे एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से छह किलो 60 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है।
थाना प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि सूचना पर पुलिस गोरा कब्रिस्तान के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 6.06 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपित ने अपनी पहचान बिहार के गोपालगंज निवासी भोला कुशवाहा के रूप में बताई। उसने स्वीकार किया कि वह बिहार से गांजे की खेप लाकर कानपुर और आसपास के इलाकों में आपूर्ति करता था। इस बार भी वह बड़ी मात्रा में गांजा खपाने के उद्देश्य से शहर पहुंचा था।
थाना प्रभारी ने बताया जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा हुआ है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और छेड़छाड़ सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क, सप्लाई चेन और संपर्क में रहने वाले अन्य तस्करों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ से नशा तस्करी के बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है।उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

