रायपुर : प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचते चार आरोपित गिरफ्तार, 183 नग टेबलेट और दोपहिया वाहन जब्त
रायपुर, 16 सितंबर (हि. स.)। रायपुर पुलिस ने आज बुधवार को प्रतिबंधित नशीली टेबलेट की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपितों को उरला थाना क्षेत्र के ग्राम अछोली स्थित हीरा गार्डन के पास प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने के लिए ग्राहक की तलाश करते हुए पकड़ा गया। आरोपितों के कब्जे से 183 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट निट्राजपैम बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना उरला पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा लगातार सूचना संकलन किया जा रहा था। इसी दौरान 16 सितंबर 2026 को सूचना मिली कि, अछोली स्थित हीरा गार्डन के पास कुछ लोग दोपहिया वाहन में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट लेकर बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए और दोपहिया वाहन के आधार पर संदिग्धों की पहचान की और उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम युवराज ध्रुव उर्फ निक्की, सौरभ यादव, आकाशदीप और नीरज देवांगन बताया।
पुलिस ने चारों की तलाशी ली, जिसमें उनके पास प्रतिबंधित नशीली टेबलेट निट्राजपैम मिली। पुलिस के मुताबिक टेबलेट रखने और बिक्री के संबंध में आरोपितों से वैधानिक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
गिरफ्तार आरोपितों में युवराज ध्रुव उर्फ निक्की (19), निवासी दोंदेखुर्द, थाना विधानसभा, रायपुर, सौरभ यादव (19), निवासी मांढर, थाना विधानसभा, रायपुर, आकाशदीप (24), निवासी दोंडे खुर्द, थाना विधानसभा, रायपुर, नीरज देवांगन (19), निवासी ग्राम गुमा, थाना उरला, रायपुर है।
इसके बाद पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 183 नग निट्राजपैम टेबलेट और घटना में प्रयुक्त एक दोपहिया वाहन, कुल अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये, जब्त किया है। आरोपितों के खिलाफ थाना उरला में अपराध क्रमांक 469/2026 के तहत धारा 22(ख) एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

