home page

हाईवे पर लूट करने वाले फरार आरोपित को सारागांव पुलिस ने किया गिरफ्तार, लूट की रकम बरामद

 | 
हाईवे पर लूट करने वाले फरार आरोपित को सारागांव पुलिस ने किया गिरफ्तार, लूट की रकम बरामद


जांजगीर-चांपा, 27 जुलाई (हि.स.)। जांजगीर-चांपा जिले के सारागांव थाना क्षेत्र में हाईवे पर राहगीरों से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले फरार आरोपित को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया । पुलिस ने आरोपित के कब्जे से लूट की रकम भी बरामद की है। मामले में इससे पहले दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।

मामला 16 जुलाई 2026 का है। खोखरा निवासी अशोक लाठिया अपने एक साथी के साथ बढ़ई का काम करने के लिए सारागांव आया था। काम खत्म करने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-49 स्थित अंजली फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर वे पेट्रोल भरवाने के लिए रुके थे। इसी दौरान कुछ युवक उन्हें घूरते हुए वहां से गुजर गए। पेट्रोल पंप से करीब 100 मीटर आगे रात लगभग 7 से 8 बजे के बीच बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार युवकों ने दोनों को रोक लिया।आरोपितों ने चाकू जैसे धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और उनके पास रखे दो मोबाइल फोन एवं 5 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। घटना में करीब 25 हजार रुपये की संपत्ति लूटी गई थी। पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना सारागांव में अपराध दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और थाना प्रभारी राकेश कुमार सूर्यवशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पहले आरोपित महेन्द्र कुमार धारिया और सूर्यकांत बरेठ, दोनों निवासी डेरागढ़ थाना बाराद्वार जिला सक्ती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था। वहीं मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपित उदय सिदार (19 वर्ष), निवासी डुमरपारा बाराद्वार जिला सक्ती को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पकड़ा। पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से लूट की रकम 2500 रुपये बरामद कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवशी सहित सारागांव थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT