home page

सागर: 15 साल से फरार ₹30 हजार का इनामी पैरोल जंपर गिरफ्तार, भाई पहले ही जयपुर से पकड़ा गया

 | 
सागर: 15 साल से फरार ₹30 हजार का इनामी पैरोल जंपर गिरफ्तार, भाई पहले ही जयपुर से पकड़ा गया


सागर, 20 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को थाना गोपालगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 15 साल से फरार चल रहे ₹30 हजार के इनामी पैरोल जंपर अब्दुल जाहिद को शनिचरी क्षेत्र से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह है कि इसी मामले में उसका सगा भाई अब्दुल राशिद कुछ दिन पहले जयपुर से गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अब्दुल जाहिद (पिता अब्दुल बाहिद), निवासी शनिचरी चौगना, वर्ष 2011 में सेंट्रल जेल सागर से पैरोल पर रिहा हुआ था, लेकिन निर्धारित समय समाप्त होने के बाद वापस नहीं लौटा। इसके बाद से वह लगातार ठिकाने और पहचान बदलकर पुलिस से बचता रहा। उस पर ₹30,000 का इनाम घोषित था।

उपनिरीक्षक नीरज जैन को सूचना मिली थी कि आरोपी ईद से पहले गुप्त रूप से अपने पुराने इलाके शनिचरी आने वाला है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर निगरानी शुरू की गई।

पुलिस टीम ने हनुमान अखाड़ा क्षेत्र में घेराबंदी की। इसी दौरान खिन्नी के पेड़ के पास नीली शर्ट पहने एक संदिग्ध व्यक्ति लाठी के सहारे चलता दिखाई दिया। हुलिए की पुष्टि होते ही पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के समय आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद उसने अपना नाम अब्दुल जाहिद और अपराध स्वीकार कर लिया। उसे शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे विधिवत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अब आरोपी के फिंगरप्रिंट और फोटो का मिलान कर अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर रही है। इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि अपराधी चाहे कितने भी समय तक फरार रहें, कानून की पकड़ से बच नहीं सकते। दोनों सगे भाइयों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप है और आमजन का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे