रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर गोगो रैपर के साथ व्यक्ति गिरफ्तार
रायगढ़, 10 जून (हि.स.)। थाना साइबर सेल एवं थाना कोतवाली की संयुक्त टीम द्वारा आज बुधवार काे रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गाेगाे रैपर के साथ पकड़ा है । पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति नशे के रूप में उपयोग किए जाने वाले गोगो रैपर की बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है।
संदेही सुरेन्द्र कुमार छाबड़ा (38 साल) सिंधी कॉलोनी पक्की खोली चक्रधरनगर के कब्जे से दो कार्टूनों में 20 डिब्बों में कुल 1120 नग गोगो रैपर बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि उक्त गोगो रैपर के अंदर तंबाकू युक्त फ्लेवर या गांजा भरकर नशे के रूप में इसका उपयोग किया जाता है।
पूछताछ के दौरान संदेही ने बताया कि वह उक्त गोगो रैपर को तिल्दा, जिला रायपुर से लगभग 14,500 रुपये में खरीदकर रायगढ़ लाया था और शहर के विभिन्न पान ठेलों में चोरी-छिपे बेचता था।
सुरेन्द्र कुमार छाबड़ा के विरुद्ध थाना कोतवाली पुलिस द्वारा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

