कंटेनर से मोबाइल और एसेसरीज चोरी मामले में पुलिस ने यूपी मथुरा से दो को किया गिरफ्तार
अररिया,25 जुलाई(हि.स.)।
नोएडा से असम के लिए चले मोबाइल और एसेसरीज से भरे कंटेनर से समानों की चोरी कर अररिया के जीरो माइल में एचपी पेट्रोल पंप के पास ट्रक खड़ाकर चालक और सहचालक के गायब हो जाने के मामले में अररिया थाना में दर्ज कांड संख्या 314/2026 दिनांक 09.06.2026 मामले में पुलिस ने सह चालक सहित दो आरोपितों को उत्तरप्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों के निशानदेही पर चोरी की गई 2050 मोबाइल सेट भी बरामद करने में सफलता प्राप्त की। शनिवार को एसपी जितेन्द्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में अब तक कुल सात लोगों को गिरफ्तारी हो चुकी है। पांच लोगों को पूर्व में ही गिरफ्तार किया गया था,जिसके पास से 3487 मोबाइल,पांच चार पहिया वाहन,6.97 लाख रूपये नगद,एक लैपटॉप की बरामदगी की गई थी।ताजातरीन मामले में पुलिस ने उत्तरप्रदेश के मथुरा जिला के शेरगढ़ थाना विसंभरा गांव के 33 वर्षीय अनीश पिता इसराइल और कंटेनर ट्रक संख्या केए02एजे के सहचालक तालीम पिता हबीब को गिरफ्तार किया है।इन दोनों के पास से पुलिस ने रियलमी और ओप्पो के 2050 मोबाइल बरामद किये हैं।
एसपी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि छापेमारी दल में अररिया नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक, सब इंस्पेक्टर विकास कुमार,रामलखन चौधरी,टाइगर मोबाइल के जवान अनिल कुमार,संजय कुमार के साथ डीआईयू बिहार एसटीएफ (एसओजी) की टीम शामिल थे।एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अनीश और तालीम को ट्रांजिट रिमांड के लिए कोर्ट में अपील की गई है।वहीं पुलिस मामले में और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा छापेमारी करने की बात कही।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

