home page

ऑपरेशन अंकुश के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पुसौर और पूंजीपथरा से 5 जुआरी गिरफ्तार

 | 
ऑपरेशन अंकुश के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पुसौर और पूंजीपथरा से 5 जुआरी गिरफ्तार


रायगढ़, 19 जुलाई (हि.स.)। जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस को जुआ-सट्टा के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। थाना पुसौर और पूंजीपथरा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से नकदी, वाहन, मोबाइल और जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री जब्त की गई है।

थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, ग्राम कठली के बड़े तालाब की मेड़ पर झंडी-मुंडी का जुआ संचालित हो रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ लोग भागने में सफल रहे, जबकि तीन आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों में दिनेश कुमार चौधरी (35 वर्ष), उमाकांत निषाद (25 वर्ष) और कमलेश निषाद (19 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 1,000 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा जुआ खेलने में प्रयुक्त गोटियां, पट्टियां और टोकरी जब्त की है।

पूंजीपथरा में दो आरोपित गिरफ्तार

इसी तरह 18 जुलाई को थाना पूंजीपथरा पुलिस को सूचना मिली कि, सुनील इस्पात, चिराईपानी के पास कुछ लोग अवैध रूप से स्टाइगर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर दबिश देकर पंकज शर्मा (27 वर्ष) और रिषभ बाजपेई (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपित जूटमिल थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 500 रुपये नकद एवं तीन स्टाइगर गोटियां बरामद की हैं।

दोनों मामलों में गिरफ्तार सभी पांच आरोपितों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 6 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि, जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों से दूर रहने की अपील करते हुए आम नागरिकों से भी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने का आग्रह किया। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान