चोरी गए डाला समेत 21 लाख की संपत्ति बरामद, तीन आरोपित गिरफ्तार
रायगढ़, 13 अगस्त (हि.स.)। रायगढ़ जिले की थाना कोतवाली पुलिस ने सीएमओ तिराहा से चोरी हुए ट्रेलर डाला के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। तीनाें आराेपिताें काे आज गुरुवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपिताें ने पहले क्षेत्र की रेकी कर वारदात की पूरी योजना बनाई और 27 जुलाई की देर रात करीब 2:30 बजे चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी के डाला को अपने ट्रेलर के इंजन से जोड़कर रायपुर ले जाया गया, जहां उसे 4 लाख 30 हजार में बेच दिया गया। पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपिताें तक पहुंच बनाई। पुलिस ने चोरी गया डाला एवं इंजन सहित करीब 13 लाख का मशरूका, वारदात में प्रयुक्त करीब 8 लाख कीमत की कार तथा आरोपिताें के मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर, सारंगढ़ बस स्टैंड रायगढ़ निवासी धीरज कुमार नवीन (उम्र 41 वर्ष) ने 02 अगस्त को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ट्रेलर क्रमांक सीजी 12 बीके 3140 का इंजन बजरंग मोटर के अंदर तथा उसका ट्रेलर डाला/ट्रीप बजरंग मोटर उर्दना बैरियर से सीएमओ तिराहा के बीच सड़क किनारे खड़ा था। 27 जुलाई की शाम करीब 04 बजे डाला वहीं खड़ा किया गया था। अगले दिन 28 जुलाई की सुबह करीब 08 बजे मौके पर पहुंचने पर डाला गायब मिला। अज्ञात आरोपित द्वारा डाला चोरी कर ले जाने की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 415/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास पूछताछ करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान टीआई अमित तिवारी के नेतृत्व में थाना कोतवाली के आरक्षक प्रताप बेहरा एवं उत्तम सारथी ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में लगे करीब 300 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाला। रात के अंधेरे में वाहन की स्पष्ट पहचान मुश्किल थी, लेकिन पुलिस टीम ने लगातार फुटेज की कड़ियां जोड़ते हुए एक महत्वपूर्ण सुराग तलाश लिया।
फुटेज में चोरी किया गया ट्रेलर डाला, ट्रेलर क्रमांक सीजी 13 एएस 8857 के इंजन से जोड़कर ले जाते हुए दिखाई दिया। खास बात यह थी कि चोरी का डाला लेकर जा रहे ट्रेलर के आगे एक नीले रंग की कार क्रमांक सीजी 13 बीए 7639 पायलेटिंग करते हुए चल रही थी। पुलिस ने दोनों वाहनों के आने-जाने के पूरे रूट को सीसीटीवी के माध्यम से ट्रेस किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित बेहद सुनियोजित तरीके से चोरी को अंजाम देकर मुख्य मार्ग एवं टोल नाकों से बचते रहे। आरोपितों ने चोरी का डाला लेकर रायपुर पहुंचने के लिए हाईवे के बजाय बाईपास एवं कच्चे रास्तों का इस्तेमाल किया, ताकि किसी सीसीटीवी या टोल रिकॉर्ड में आसानी से उनकी पहचान न हो सके। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन को रायपुर के कबीरनगर क्षेत्र तक ट्रेस किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरटीओ रिकॉर्ड के जरिए ट्रेलर वाहन सीजी 13 एएस 8857 के मालिक की जानकारी जुटाई।
आरटीओ से प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेलर वाहन का मालिक जसविन्दर सिंह उर्फ राहुल (उम्र 26 वर्ष) निवासी बोइरदादर, मां बिहार कॉलोनी, चक्रधरनगर रायगढ़ निकला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथी पवनदीप सिंह एवं संदीप कुमार खत्री के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि 27 जुलाई की रात करीब 2:30 बजे चोरी किए गए डाला को ट्रेलर वाहन सीजी 13 एएस 8857 के इंजन में फंसाकर रायपुर ले गए थे। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि चोरी के डाला को रायपुर निवासी हरचरण सिंह सरदार, मोहबा नगर, थाना कबीरनगर रायपुर को 4 लाख 30 हजार में बेच दिया गया था। हरचरण सिंह के कहने पर चोरी का डाला ग्राम बेलतरा, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर में इंजन सहित रखा गया था।
पुलिस टीम ने पतासाजी कर ग्राम बेलतरा पहुंचकर चोरी गया ट्रेलर डाला एवं इंजन बरामद कर लिया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 13 लाख है। पुलिस ने वारदात के दौरान चोरी के वाहन की पायलेटिंग में इस्तेमाल की गई नीले रंग की कार क्रमांक सीजी 13 बीए 7639, अनुमानित कीमत करीब 8 लाख, आरोपित जसविन्दर सिंह से जब्त की है। आरोपितों के बीच वारदात को लेकर हुई बातचीत के आधार पर उनके मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
चोरी का डाला खरीदने वाला आरोपित हरचरण सिंह सरदार निवासी मोहबा नगर, कबीरनगर रायपुर वर्तमान में फरार है। पुलिस द्वारा उसकी लगातार पतासाजी की जा रही है। पुलिस ने जसविन्दर सिंह उर्फ राहुल, (उम्र 26 वर्ष) निवासी बोइरदादर, मां बिहार कॉलोनी, चक्रधरनगर रायगढ़, पवनदीप सिंह, (उम्र 32 वर्ष) निवासी भगवानपुर रायगढ़, थाना कोतरारोड़, संदीप कुमार खत्री, (उम्र 29 वर्ष) निवासी मंगलूडीपा रायगढ़, थाना कोतरारोड़ को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

