देवरिया : हत्या के प्रयास के तीन आरोपित गिरफ्तार, तमंचे व कारतूस बरामद
देवरिया, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत लार थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपितों को बुधवार को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस आदि बरामद हुए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि थाना लार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जमसड़ा गांव के समीप एक नवनिर्मित मकान से शौर्य यादव (19) निवासी मठ अमौना, शिवम यादव (22) निवासी भागलपुर थाना मईल तथा अमित यादव (19) निवासी आदर्शनगर पिंडी थाना लार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान शौर्य यादव के पास से .315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। उसकी निशानदेही पर घटना स्थल से एक खोखा कारतूस भी बरामद किया गया। वहीं शिवम यादव के पास से भी .315 बोर का एक अवैध तमंचा मिला। पूछताछ में आरोपितों ने आपसी रंजिश के चलते योजना बनाकर प्रकाश यादव को गोली मारने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को थाना लार क्षेत्र के ऑलमाइटी मेमोरियल स्कूल, पिंडी के पास प्रकाश यादव को जान से मारने की नीयत से गोली मारी गई थी। इस मामले में थाना लार पर बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। अवैध हथियारों की बरामदगी के बाद मुकदमे में शस्त्र अधिनियम की धारा भी बढ़ा दी गई है।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में शिवम यादव और अमित यादव के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विन्ध्याचल शुक्ल, उपनिरीक्षक विवेक चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक कमलेश यादव सहित थाना लार के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

