सूने मकानों में चोरी करने वाले तीन आराेपित गिरफ्तार, आरोपिताें से पांच लाख से अधिक कीमत के जेवरात बरामद
रायगढ़, 13 मई (हि.स.)। चक्रधरनगर पुलिस ने सूने मकान में ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले तीन आरोपिताें को आज बुधवार काे गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपिताें के कब्जे से चोरी का माल, नगदी रकम, घटना में प्रयुक्त वाहन तथा अन्य सामग्री बरामद की है।
पीड़ित संतोष कुमार देवांगन, निवासी विनोबा नगर ने थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 8 मई को वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रिश्तेदारी में गया था। घर सूना होने का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपिताें ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, कमरे की खिड़की और अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए जेवरातों की कुल कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई गई। रिपोर्ट पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 224/2026 धारा:- 331 (4), 305 (ए), बी.एन.एस. पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने आरोपित रोशन सिंह, शिवा सोनी और धरमदास महंत उर्फ प्रेम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपिताें ने जुर्म स्वीकार करते हुए चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता कबूल की। आरोपिताें के मेमोरेंडम पर सोना जैसा धातु, चांदी जैसे गलाए हुए टुकड़े, नगदी रकम, टूटा हुआ ताला, घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन क्रमांक टीवीएस एनटॉरक स्कूटी और एक्टीवा वाहन तथा चोरी के सामान को गलाने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपिताें ने पुलिस कार्रवाई के डर से चोरी किए गए कुछ सोने के आभूषणों को गलाकर उनका स्वरूप बदल दिया तथा कुछ सामान केलो नदी में फेंककर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। मामले में संगठित रूप से अपराध करना और साक्ष्य विलोपित करने के पर्याप्त प्रमाण मिलने पर प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं धारा 112, 3(5), 238 बी०एन०एस० जोड़ी गई हैं। तीनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

