सात वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ के आरोप में पंडा गिरफ्तार
दरभंगा, 28 सितंबर (हि.स.) ।बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर परिसर में सात वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने नामजद पंडा शिव कुमार झा को गिरफ्तार कर लिया। धोबलिया गांव निवासी भागेश्वर झा के 25 वर्षीय पुत्र आरोपित को सहरसा जिले के गंडौल से गिरफ्तार करने के बाद सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पीड़ित बच्ची की मां की लिखित शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। शिकायत के अनुसार बच्ची एक सहयोगी के साथ मंदिर में पूजा करने गई थी। पूजा के बाद उसने आरोपित पंडा को प्रणाम किया। आरोप है कि इसी दौरान उसने बच्ची के साथ छेड़छाड़ की तथा मिठाई खिलाने का प्रलोभन देकर उसे शिवगंगा पोखर स्थित बत्तीसी कमरे के ऊपर बने एक कमरे में ले गया, जहां भी छेड़छाड़ किए जाने का आरोप है। घटना के बाद बच्ची बाजार स्थित अपनी मां की मिठाई दुकान पर पहुंची और उसे घटना की जानकारी दी। इसके बाद मां ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार मंदिर परिसर एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में आरोपित के बच्ची के साथ रहने और उसे बत्तीसी कमरे की ओर ले जाने की गतिविधियां दिखाई दीं। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू की। उसके सहरसा चले जाने की सूचना मिलने पर गुप्त सूचना के आधार पर गंडौल में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया।
बिरौल एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि शिकायत मिलते ही पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

