पुलिस के हत्थे चढ़े शातिर चोर नकदी समेत लाखों का माल बरामद
कानपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में चौबेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस और स्वाॅट, सर्विलांस पश्चिमी जोन की संयुक्त टीम ने मंगलवार को सात शातिर चाेराें काे गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से 68 हजार रुपये नकद, 164 किलोग्राम एल्युमिनियम तार, 98 किलोग्राम कॉपर बाइंडिंग और तीन ट्रांसफार्मर कॉइल बरामद की हैं।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि पश्चिमी जोन की संयुक्त टीम ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम जादेपुर परसा मोड़ के पास खड़ी काले रंग की स्कॉर्पियो-एन में सवार सात लोगों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को 68 हजार रुपये नकद, एल्युमिनियम तार के आठ बंडल, जिनका कुल वजन 164 किलोग्राम है, कॉपर बाइंडिंग के तीन लच्छे, जिनका वजन 98 किलोग्राम है, और तीन ट्रांसफार्मर कॉइल बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपिताें ने नकदी को पूर्व में चोरी किए गए ट्रांसफार्मरों के अंदरूनी सामान को बेचकर प्राप्त होना बताया। पुलिस ने सातों आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्कॉर्पियो-एन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया। आरोपिताें को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपिताें में रंजीत श्रीवास्तव निवासी पिपौरी, थाना बर्रा, उमेश गुप्ता निवासी थाना हरवंश मोहाल, चंदन निवासी तार फैक्ट्री के सामने बमरिया, थाना जूही, आलोक पाण्डेय निवासी खाड़ेपुर कॉलोनी, थाना हनुमंत विहार, देवांश दुबे निवासी खाड़ेपुर कॉलोनी, आदित्य मिश्रा निवासी योगेंद्र विहार और गौतम राजपूत उर्फ थापा निवासी शांति नगर, थाना हल्दीबाड़ी, जिला जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल शामिल हैं। गौतम राजपूत वर्तमान में कलक्टरगंज क्षेत्र में रोहित मीट की दुकान पर रहता था। पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने सफल कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की।-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

