home page

दो युवकों को अफीम सहित पुलिस ने किया गिरफ्तार

 | 
दो युवकों को अफीम सहित पुलिस ने किया गिरफ्तार


सोलन, 05 मई (हि.स.)। पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को अफीम लेकर जाते हुए धर दबोचा । जिसमें एक हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर का निवासी है तथा दूसरा आरोपी हरियाणा के जिला पंचकूला, कालका का रहने वाला है। दोनों को सोलन जिला के तहत नाकाबंदी के दौरान 4-5 मई की रात को गिरफ्तार किया गया है।

जिला सोलन के उपमंडल पुलिस दाड़लाघाट की विशेष अन्वेषण इकाई (एस आई यू टीम) द्वारा एक गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में नाकाबंदी की गई। सूचना प्राप्त होने के बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आने-जाने वाले वाहनों की जांच आरंभ की। नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को जांच के लिए रोका गया। पुलिस द्वारा नियमानुसार तलाशी लेने पर दोनों व्यक्तियों के कब्जे से कुल 485 ग्राम अफीम बरामद की गई।

पुलिस अधीक्षक साईं दत्तात्रेय ने बताया कि पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार ( 31) पुत्र यशपाल, निवासी गाँव सोहरी, डाकघर सिकरोहा, तहसील सदर बिलासपुर, जिला बिलासपुर तथा गौरव ( 29) पुत्र जितेंद्र, निवासी गुगामाड़ी मंदिर, कालका, तहसील कालका, जिला पंचकुला के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया I इस संबंध में पुलिस थाना अर्की में मादक द्रव्य अधिनियम के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है। अन्वेषण के दौरान मामले में संलिप्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर पुलिस ने कब्जे में लिया गया है। आरोपियों को मंगलवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है ।

इसके अतिरिक्त, गिरफ्तार आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत पड़ताल की जा रही है, ताकि यह ज्ञात किया जा सके कि उनका किसी अन्य आपराधिक गतिविधि या नेटवर्क से कोई संबंध तो नहीं है। पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू पर जाँच जारी है I

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा