home page

बाज़ार में विवाद पर 3 लोगों पर ब्लेड से हमला,आरोपित न्यायिक रिमांड पर

 | 
बाज़ार में विवाद पर 3 लोगों पर ब्लेड से हमला,आरोपित न्यायिक रिमांड पर


रायगढ़ , 24 अगस्त (हि.स.)।तुमीडीह में साप्ताहिक बाजार के दौरान शराब के नशे में लोगों पर ब्लेड से हमला करने वाले आरोपित को पूंजीपथरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने एक के बाद एक तीन लोगों के गले के पास ब्लेड से वार कर उन्हें घायल किया था। आरोपित के विरुद्ध हत्या के प्रयास की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

अपराध को लेकर प्रार्थी सोमा सिंकू ने थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि वह अपने साथी बुधराम मुंडा के साथ तुमीडीह दुकान से सामान लेकर वापस बांके बिहारी कंपनी लेबर कॉलोनी जा रहा था। कल शाम करीब 7:30 बजे तुमीडीह इंदिरा भवन के पास पहुंचने पर एक व्यक्ति शराब के नशे में आने-जाने वाले लोगों को गाली-गलौज कर रहा था।

उक्त व्यक्ति ने सोमा सिंकू एवं उसके साथी को देखकर उनके साथ भी अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। दोनों ने उसे गाली देने से मना किया तो आरोपित ने जान से मारने की धमकी देते हुए जेब से ब्लेडनुमा धारदार वस्तु निकालकर दोनों के गले के पास वार कर दिया। हमले में दोनों के गले में चोट लगी और खून निकलने लगा।

दोनों जान बचाकर इंदिरा भवन की ओर भागे और वहां मिले बुधन सिंह टियू को घटना की जानकारी दी। इसी दौरान आरोपित ने बुधन सिंह टियू के गले के पास भी ब्लेड से वार कर उसे घायल कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने आरोपित को दौड़ाकर पकड़ लिया और डायल-112 को सूचना दी।

घटना की सूचना थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव को प्राप्त होते ही तत्काल पुलिस टीम मौके के लिए रवाना की गई। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सकीय जांच के बाद सभी घायलों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। प्रकरण में थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 213/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 109(1) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस पूछताछ में आरोपित सुभाष पन्ना ने बताया कि उसकी मां का रायगढ़ में उपचार चल रहा था और उनकी मृत्यु होने के बाद वह क्रियाकर्म के लिए कोरबा से अपने गृह ग्राम जा रहा था। तुमीडीह में पूर्व परिचित होने के कारण वह पुराने दोस्तों से मिलने एवं काम-रोजगार के सिलसिले में वहां रुका था। आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने शराब पी रखी थी और साप्ताहिक बाजार में कुछ लोगों से उसका विवाद हुआ। विवाद के दौरान उसने जेब में रखे ब्लेड से तीन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल किया।आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से घटना में प्रयुक्त ब्लेड जप्त किया।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान सुभाष पन्ना पिता आनंदी पन्ना, उम्र 48 वर्ष, मूल निवासी ग्राम रेडे, थाना बागबहार, जिला जशपुर, वर्तमान निवासी लाटा-बलंगी रोड, थाना दर्री, जिला कोरबा के रूप में हुई है। आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान