नाबालिग का शारीरिक शोषण करने वाला आरोपित गिरफ्तार
रायगढ़, 24 जुलाई (हि.स.)। जिले के थाना भूपदेवपुर पुलिस ने दुष्कर्म के गंभीर मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश कर आज शुक्रवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 20 जुलाई को एक महिला अपनी पुत्री के साथ थाना भूपदेवपुर पहुंची और ग्राम जैमुरा निवासी शिव कुमार चौहान (20 वर्ष) के विरुद्ध बहला-फुसलाकर ले जाने एवं दुष्कर्म करने की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्टकर्ता ने बताया कि उसकी पुत्री 14 जुलाई को अपने रिश्तेदार के घर घरघोड़ा गई थी, जहां से वह लापता हो गई। परिवारजन उसकी तलाश कर रहे थे, तभी आरोपित ने स्वयं फोन कर बताया कि वह युवती को अपने साथ गांव ले आया है और उससे शादी करेगा।
परिजनों द्वारा लगातार तलाश किए जाने पर आरोपित 19 जुलाई को युवती को उसके घर छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता ने परिजनों को बताया कि आरोपित उसे ग्राम टेंडा नवापारा से मोटरसाइकिल में बैठाकर शादी का झांसा देकर अपने गांव जैमुरा ले गया, जहां अपने घर में 5-6 दिनों तक उसकी इच्छा के विरुद्ध लगातार शारीरिक संबंध बनाकर दुष्कर्म किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नव पदस्थ थाना प्रभारी भूपदेवपुर निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक द्वारा महिला उप निरीक्षक संध्यारानी कोका ने पीड़िता का कथन दर्ज कर अपराध पंजीबद्ध किया। थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक ने तत्काल पुलिस टीम के साथ आरोपित के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और आरोपित काे कल उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। आरोपित के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे आज न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

